काला सागर में यूक्रेनी बंदरगाह पर जहाज पर हमला, 13 भारतीय नाविकों की जान खतरे में
क्या है खबर?
यूक्रेन और रूस के बीच ड्रोन और मिसाइल हमले बढ़ने के बाद काला सागर में भी स्थिति चिंताजनक हो गई है। इस बीच, फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने बताया कि यूक्रेन के चोर्नोमोरस्क बंदरगाह पर एक मालवाहक जहाज फंसा हुआ है, जिसमें 13 भारतीय नाविक सवार हैं। जहाज पर कुल 15 नाविक सवार हैं। FSUI ने बताया कि लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण उनकी जान खतरे में हैं।
संकट
डर के साये में जी रहे हैं चालक दल के सदस्य
FSUI ने एक्स पर लिखा, 'जरूरी अपील, MV अमीर1 जहाज, जिसमें 13 भारतीय नाविकों समेत कुल 15 चालक दल के सदस्य हैं, अभी यूक्रेन के चोरनोमोर्स्क बंदरगाह पर है और एक भयानक और जानलेवा स्थिति में फंसा हुआ है। जहाज़ के आस-पास लगातार ड्रोन और मिसाइल हमले करने की कोशिशें हो रही हैं।'
संगठन ने बताया कि चालक दल के सदस्य हर पल सीधे हमले के डर के साये में जी रहे हैं।
अपील
नाविकों को बचाने की अपील
संगठन ने जहाज मालिकों, जहाज के ध्वज राज्य, संबंधित अधिकारियों और भारत सरकार से जहाज पर सवार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की अपील की
संगठन ने लिखा, 'हम सभी संबंधित अधिकारियों, जहाज के मालिकों, ध्वज राज्य और सरकार से तुरंत अपील करते हैं कि वे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें और उन्हें जल्द वापस लाने का इंतज़ाम करें। भारतीय नाविकों को संघर्ष वाले इलाकों में आसान शिकार नहीं बनने दिया जाना चाहिए। अभी कार्रवाई करें।'
चिंता
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने लिया संज्ञान
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने मामले पर कहा, 'MV अमीर1 पर सवार भारतीय नाविकों से जुड़ी स्थिति हमारे ध्यान में आई है। हम इसे प्राथमिकता दे रहे हैं और जहाज पर मौजूद सभी भारतीयों की सुरक्षा और सलामती सुनिश्चित करने के लिए संबंधित लोगों के साथ संपर्क में हैं।'
सोमवार को, यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह के पास व्यापारिक पोत MV ओमोर्फी पर हमले के बाद, विदेश मंत्रालय ने भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक को तलब किया था।
ट्विटर पोस्ट
जहाज पर हमला
🚨 URGENT APPEAL | M.V. AMIR1 🚨
— All India Seafarers Union (@AllSeafarers) July 28, 2026
M.V. AMIR1, currently at Chornomorsk Port, Ukraine, has 15 crew members on board, including 13 Indian seafarers, who are facing an extremely dangerous and life-threatening situation.
The vessel remains in the vicinity of repeated drone and… pic.twitter.com/jVZf4FadVi