Page Loader
इंडिया-A ने दलीप ट्रॉफी का खिताब किया अपने नाम, इंडिया-C को 132 रन से हराया
इंडिया-A ने शानदार खेल दिखाया (तस्वीर: एक्स/ @BCCIdomestic)

इंडिया-A ने दलीप ट्रॉफी का खिताब किया अपने नाम, इंडिया-C को 132 रन से हराया

Sep 22, 2024
05:12 pm

क्या है खबर?

दलीप ट्रॉफी 2024 का खिताब इंडिया-A ने अपने नाम कर लिया है। उसने इंडिया-C के खिलाफ 132 रन से जीत दर्ज की। इंडिया-A ने 12 अंकों के साथ यह ट्रॉफी अपने नाम की है। इंडिया-C को जीत के लिए 350 रन चाहिए थे। आखिरी दिन इंडिया-A के गेंदबाजों ने कमाल दिखाया और इंडिया-C को 217 रन पर ऑलआउट कर दिया। साई सुदर्शन ने शतकीय पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। आइए मुकाबले पर नजर डालते हैं।

ट्विटर पोस्ट

जीत का वीडियो 

मुकाबला

कैसा रहा मुकाबला?

मैच में इंडिया-A ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 297 रन बनाए थे। शाश्वत रावत के बल्ले से 124 रन की पारी निकली थी। जवाब में इंडिया-C की टीम 234 रन ही बना पाई। अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए। इंडिया-A ने अपनी दूसरी पारी 286 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इंडिया-C को जीत के लिए 350 रन चाहिए थे। उनके नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। सुदर्शन के अलावा और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

शतक

सुदर्शन ने जड़ा प्रथम श्रेणी करियर का 5वां शतक 

सुदर्शन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए थे और अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर का 5वां शतक लगाया। दलीप ट्रॉफी में इस खिलाड़ी का यह पहला शतक है। वह 206 गेंद में 111 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 12 चौके निकले। उनके अलावा इंडिया-C का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक भी नहीं लगा पाया। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बल्ले से 93 गेंद में 44 रन निकले। उन्होंने 5 चौके लगाए।

पहला

शाश्वत रावत ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट का पहला शतक लगाया 

इंडिया-A की पहली पारी में शाश्वत रावत ने 250 गेंदों का सामना किया और 124 रन बनाए। उनके बल्ले से 15 चौके निकले। उनकी शानदार पारी का ही नतीजा था कि इंडिया-A 297 रन बनाने में कामयाब रही। शाश्वत के प्रथम श्रेणी करियर का यह पहला शतक था। दूसरी पारी में भी इस खिलाड़ी ने शानदार बल्लेबाजी की और 67 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला।

पारी

रियान पराग ने भी खेली अच्छी पारी 

रियान पराग ने इंडिया-A के लिए दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की और 101 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 72.27 की रही। दलीप ट्रॉफी में यह उनका पहला अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने 2, 37, 20, 30 और 31 के स्कोर बनाए थे। तिलक वर्मा दोनों पारियों में फ्लॉप रहे। उन्होंने 5 और 19 के स्कोर बनाए।

जानकारी

अंक-तालिका पर एक नजर 

इंडिया-A 2 जीत और 1 हार और 12 अंक के साथ पहले स्थान पर रही। इंडिया-C 1 जीत 1 हार और 9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। इंडिया-B 7 अंकों के साथ तीसरे और इंडिया-D 6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही।