ICC की सालाना टीम रैंकिंग: टेस्ट में भारत तीसरे स्थान पर पहुंचा, ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बरकरार
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शुक्रवार (1 मई) को सालाना टेस्ट टीम रैंकिंग की घोषणा की है, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम को फायदा हुआ है। टेस्ट प्रारूप में भारतीय टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम पहले स्थान पर मौजूद है। बता दें कि पिछले साल भी टेस्ट में कंगारू टीम शीर्ष पर मौजूद थी। आइए पूरी रैंकिंग पर नजर डालते हैं।
टेस्ट
टेस्ट में भारत को हुआ एक पायदान का फायदा
मई 2025 में घोषित हुई सालाना टीम रैंकिंग में भारतीय टेस्ट टीम चौथे स्थान पर थी। ऐसे में इस साल जारी हुई रैंकिंग में भारत को एक पायदान का फायदा हुआ है। शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टेस्ट टीम के अब 104 अंक है। दूसरे स्थान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के अब 109 अंक है। वहीं, अपना दबदबा स्थापित करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के अब 131 अंक है।
तालिका
ये है अन्य टीमों की स्थिति
टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड चौथे, न्यूजीलैंड पांचवें और पाकिस्तान छठे स्थान पर मौजूद है। पाकिस्तान को पिछले साल की तुलना में एक पायदान का फायदा हुआ है, जबकि इंग्लैंड को एक पायदान का नुकसान हुआ है। इसके बाद अगले 3 स्थानों पर क्रमशः श्रीलंका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश की टीमें हैं। ICC द्वारा जारी रैंकिंग में आयरलैंड 10वें, जिम्बाब्वे 11वें और अफगानिस्तान 12वें स्थान पर मौजूद है।
जानकारी
कैसे काम करती है सालाना रैंकिंग?
सालाना रैंकिंग अपडेट में मई 2025 के बाद खेले गए सभी मैचों को पूरा वेटेज (100 प्रतिशत) दिया जाता है, जबकि पिछले 2 सालों के नतीजों को 50 प्रतिशत वेटेज दिया जाता है।