राशिद खान की कप्तानी में अफगानिस्तान की टी-20 टीम का कैसा रहा प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपनी टी-20 टीम का नया कप्तान इब्राहिम जादरान को बनाया है। इसके साथ ही राशिद खान का टी-20 कप्तान के तौर पर समाप्त हुआ। दिग्गज स्पिनर राशिद के नेतृत्व में अफगानिस्तान की टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लिया था। इस बड़े टूर्नामेंट में अफगान टीम का प्रदर्शन खराब रहा था। इस बीच राशिद की कप्तानी में अफगानिस्तान के प्रदर्शन और अन्य आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
आंकड़े
राशिद की कप्तानी में अफगानिस्तान ने खेले 48 टी-20
राशिद की कप्तानी में अफगानी टीम का जीत प्रतिशत 54.16 रहा है। क्रिकइंफो के मुताबिक, राशिद ने अब तक अफगानिस्तान का 48 टी-20 मैचों में नेतृत्व किया है, जिसमें से 26 में उनकी टीम जीती है और 21 में टीम को शिकस्त का सामना करना पड़ा। इसके अलावा एक मैच टाई पर समाप्त हुआ था। राशिद ने 2019 में पहली बार टीम की कमान संभाली थी। उन्होंने 7 साल तक इस प्रारूप में टीम का नेतृत्व किया।
ICC टूर्नामेंट
राशिद की कप्तानी में टी-20 विश्व कप 2024 में शानदार रहा था अफगानिस्तान का प्रदर्शन
अफगानिस्तानी टीम ने टी-20 विश्व कप 2024 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था। यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में अफगान टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साबित हुआ। टी-20 विश्व कप 2024 में राशिद सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे स्थान पर रहे थे। उनसे आगे सिर्फ अर्शदीप सिंह (15) और फजलहक फारूकी (17) रहे थे।
आंकड़े
कप्तानी करते हुए शानदार रहा राशिद का प्रदर्शन
राशिद ने कप्तानी करते हुए 48 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में 13.51 की उम्दा औसत और 5.84 की इकॉनमी रेट के साथ 80 विकेट लिए। इस दौरान वह कोई 5 विकेट हॉल नहीं ले सके हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तानी करते हुए उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 14 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा। राशिद बतौर कप्तान इस प्रारूप में सर्वाधिक विकेट (पूर्ण सदस्यीय देशों में) लेने वाले गेंदबाज हैं।
करियर
शानदार चल रहा है राशिद का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
राशिद टी-20 अंतरराष्ट्रीय के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 115 मैच खेले हैं , जिसमें 13.73 की औसत और 6.04 की इकॉनमी रेट के साथ 193 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 2 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए। उनके अलावा किसी अन्य अफगान गेंदबाज ने अब तक 150 विकेट नहीं लिए हैं। साल 2019 में राशिद ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ डबल हैट्रिक (लगातार 4 गेंदों पर विकेट) ली थी।