इब्राहिम जादरान बने अफगानिस्तान की टी-20 टीम के नए कप्तान, राशिद खान की लेंगे जगह
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी टी-20 और वनडे सीरीज के लिए अपनी टीमें घोषित की हैं। इस द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में अफगानिस्तानी टीम की कमान इब्राहिम जादरान संभालेंगे। ACB ने नवनियुक्त कप्तान का औपचारिक ऐलान किया है। जादरान अब टी-20 विश्व कप 2026 में टीम का नेतृत्व करने वाले राशिद खान की जगह कप्तानी की जिम्मेदारी में नजर आएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
राशिद ने कप्तानी से टीम को सफलता दिलाई- अहमद शाह
ACB के मुख्य चयनकर्ता अहमद शाह ने कहा, "टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कप्तान के तौर पर राशिद ने टीम को बहुत सफलता दिलाई। खासकर 2024 के टी-20 विश्व कप में टीम के शानदार सफर ने, जहां हम सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। अब हमने टी-20 टीम में लीडरशिप बदलने का सोच-समझकर फैसला लिया है।" बता दें कि 2024 के संस्करण में अच्छा प्रदर्शन करने वाली अफगानी टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में निराश किया था।
टीम
फारूकी को नहीं मिला मौका
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजल हक फारूकी, ऑलराउंडर गुलबदीन नायब और विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद इशाक, जो टी-20 विश्व कप 2026 के लिए टीम का हिस्सा थे, उन्हें दोनों टीमों से बाहर कर दिया गया है। इस बीच, विकेटकीपर बल्लेबाज नूर रहमान, बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शराफुद्दीन अशरफ और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फरीद अहमद को टी-20 टीम के लिए चुना गया है। फरीद अहमद मलिक की वनडे टीम में वापसी हुई है।
टीम
अफगानिस्तान की टी-20 और वनडे टीम
टी-20 टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, शाहिदुल्लाह कमाल, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, शराफुद्दीन अशरफ, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, जिया उर रहमान, फरीद अहमद मलिक और अब्दुल्ला अहमदजई। वनडे टीम: हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उपकप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इकराम अलीखिल, इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोटी, गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी, फरीद अहमद मलिक और बिलाल समी।
कार्यक्रम
ऐसी है टी-20 और वनडे सीरीज का कार्यक्रम
13 मार्च को होने वाले पहले मैच से टी-20 सीरीज की शुरुआत हो जाएगी। सीरीज का दूसरा और तीसरा टी-20 मैच क्रमशः 15 और 17 मार्च को खेले जाएंगे। टी-20 सीरीज के तीनों मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके बाद 20 मार्च को होने वाले मुकाबले से वनडे सीरीज की शुरुआत होगी। वहीं, 22 मार्च को दूसरा और 25 मार्च को तीसरा वनडे खेला जाएगा। वनडे सीरीज में दुबई में खेली जानी है।