क्या रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से हुए बाहर?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 13 जून से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज की मेजबानी करनी है। ऐसी खबर है कि 3 मैचों की इस वनडे सीरीज से रोहित शर्मा बाहर हो सकते हैं। वह फिटनेस कारणों से आगामी सीरीज में हिस्सा लेने से चूक सकते हैं। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के दौरान भी रोहित अपनी फिटनेस के चलते कुछ मैचों में नहीं खेल सके थे।
रिपोर्ट
रोहित का वनडे सीरीज में हिस्सा लेना संदिग्ध
BCCI के सूत्र के हवाले से समाचार एजेंसी ANI ने बताया कि रोहित का वनडे सीरीज में हिस्सा लेना संदिग्ध है। बता दें कि IPL 2026 में चोट से जूझने के बावजूद रोहित को वनडे टीम में चुना गया था। हालांकि, रोहित का चयन इस शर्त पर किया गया था कि उन्हें इस सीरीज से पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। बता दें कि विराट कोहली पहले ही इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं।
IPL
इस सीजन रोहित ने खेले थे 9 मैच
IPL 2026 में रोहित 9 मैचों में टीम का हिस्सा रहे। अन्य मुकाबलों में वह चोटिल (हैमस्ट्रिंग) होने के कारण नहीं खेल पाए थे। उनके बल्ले से 9 पारियों में 35.37 की औसत से 283 रन निकले। उन्होंने 2 अर्धशतकीय पारी खेली। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा। इस खिलाड़ी ने 157.22 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। बता दें कि IPL 2025 में रोहित ने 418 रन अपने नाम किए थे।
कार्यक्रम
ऐसा है सीरीज का कार्यक्रम
पहला वनडे मुकाबला धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में 13 जून को दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। दूसरा वनडे लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को होगा। ये मैच भी दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। सीरीज का आखिरी वनडे मुकाबला चेन्नई में 20 जून को खेला जाएगा। ये मुकाबला भी डे-नाइट (1:30 बजे) का होगा। बता दें कि वनडे सीरीज से पहले दोनों टीमें एकमात्र टेस्ट (6 जून से शुरू) में हिस्सा लेंगी।