Page Loader
टी-20 क्रिकेट में कैसे हुआ हर्षल पटेल का उदय? जानें अहम आंकड़े
हर्षल पटेल ने पिछले दो सालों में पाई है ढेर सारी सफलता (तस्वीर: ट्विटर/BCCI)

टी-20 क्रिकेट में कैसे हुआ हर्षल पटेल का उदय? जानें अहम आंकड़े

लेखन Neeraj Pandey
Jun 17, 2022
03:35 pm

क्या है खबर?

तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पहली बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पारी में चार विकेट लेने का कारनामा किया था। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन दमदार रहा है। धीमी गति की गेंदों से वह लगातार बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। आइए जानते हैं हर्षल के टी-20 आंकड़े।

सफलता का कारण

क्यों लगातार सफल साबित हो रहे हैं हर्षल?

हर्षल मीडियम पेस गेंदबाजी करते हैं और उनकी औसत गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रहती है। हालांकि, उनके पास नीचे की ओर डिप करती स्लोवर यॉर्कर के रूप में एक बड़ा हथियार है। धीमी गति की गेंद फेंकते समय हर्षल की गति 130 से गिरकर सीधे 103-04 किलोमीटर प्रति घंटे की हो जाती है। अंतिम के ओवरों में लगातार गति में परिवर्तन करके वह अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

IPL

IPL में कैसा रहा है हर्षल का सफर?

हर्षल ने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की तरफ से पहला IPL कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया था। उस सीजन उन्होंने 12 मैचों में नौ विकेट हासिल किए थे। हर्षल ने 2014 से 2017 के बीच RCB के लिए खेला, लेकिन केवल 25 विकेट ले सक थे। 2018 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीदा था। 2018 से 2020 तक दिल्ली के लिए भी वह 12 विकेट ही ले सके। RCB ने 2021 में उन्हें फिर से खरीद लिया था।

2021

2021 सीजन में हर्षल ने बिखेरी अपनी चमक

2021 में हर्षल का प्रदर्शन अदभुत रहा था। उन्होंने 15 मैचों में 32 विकेट लेते हुए पर्पल कैप अपने नाम किया था। उन्होंने एक सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने के ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। उसी सीजन में हर्षल ने अपनी पहली हैट्रिक भी ली थी। 2022 में भी हर्षल ने अपने उसी प्रदर्शन को जारी रखा और 19 विकेट हासिल किए थे।

आंकड़े

टी-20 में ऐसे रहे हैं हर्षल के आंकड़े

हर्षल ने हरियाणा के लिए अपना टी-20 डेब्यू 2011 में किया था। उन्होंने 142 टी-20 मैचों में 174 विकेट लिए हैं। इस दौरान तीन बार वह पारी में चार विकेट भी ले चुके हैं। हर्षल ने 60 लिस्ट-ए मुकाबले भी खेले हैं और साथ ही वह 64 फर्स्ट-क्लास मुकाबले भी खेल चुके हैं। भारत के लिए खेले 11 टी-20 मैचों में वह 19.52 की औसत के साथ 17 विकेट ले चुके हैं।