Page Loader
रोहित को सीमित ओवरों का कप्तान नहीं बनाया गया तो टीम का दुर्भाग्य होगा- गौतम गंभीर

रोहित को सीमित ओवरों का कप्तान नहीं बनाया गया तो टीम का दुर्भाग्य होगा- गौतम गंभीर

Nov 11, 2020
05:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन का खिताब मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को पांच विकेट से हराकर जीत लिया। रोहित शर्मा ने MI को पांचवा खिताब जितवाकर खुद को सफल कप्तानों की फेहरिस्त में शामिल करवाया है। इस बीच पूर्व भारतीय खिलाड़ी गौतम गंभीर का मानना है कि रोहित को भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया जाना चाहिए। आइए जानते हैं गंभीर ने कप्तानी को लेकर क्या कहा।

बयान

अगर रोहित भारत के कप्तान नहीं बनते हैं तो यह टीम का नुकसान- गंभीर

गौतम गंभीर ने ESPNcricinfo से रोहित की कप्तानी को लेकर कहा, "अगर रोहित शर्मा भारत के कप्तान नहीं बनते हैं, तो यह टीम का नुकसान है, उनका नहीं।" उन्होंने आगे कहा कि बेशक एक कप्तान उतना ही अच्छा होता है जितनी अच्छी उसकी टीम होती है, इस बात में कोई संदेह नहीं है। आखिर एक कप्तान को परखने का क्या पैमाना होता है। रोहित ने अपनी टीम को पांच बार IPL का खिताब जितवाया है।

आंकड़े

कप्तानी में बेमिसाल हैं रोहित

लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में रोहित शर्मा टीम के उपकप्तान हैं और नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभालते रहे हैं। रोहित की कप्तानी में भारत ने निदहास ट्रॉफी और एशिया कप जीता है। इसके अलावा वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज भी जीती है। रोहित की कप्तानी में भारत ने कुल 29 में से 23 अंतरराष्ट्रीय मैच जीते हैं, जबकि केवल छह मैचों में टीम को हार मिली है।

बयान

अगर रोहित भारत की कप्तानी नहीं करते तो यह शर्म की बात होगी- गंभीर

गंभीर ने कहा, "हम धोनी को भारत का सफल कप्तान कहते हैं क्योंकि उन्होंने दो विश्वकप और तीन IPL जीते हैं। रोहित ने पांच बार IPL जीता है। उन्हें वाइट बॉल या टी-20 क्रिकेट की कप्तानी नहीं मिलती तो यह शर्म की बात है।"

बयान

गंभीर ने कोहली की कप्तानी को लेकर उठाये थे सवाल

इस IPL में RCB का सफर एलिमिनेटर में खत्म हुआ था, जिसके बाद गौतम गंभीर ने विराट कोहली की कप्तानी पर सवाल उठाये थे। गंभीर ने आगे कहा, "आप अलग प्रारूप में अलग कप्तान भी रख सकते हैं। एक खिलाड़ी के पास पांच खिताब हैं, दूसरा अभी तक एक भी नहीं जीता है। आपको दोनों को एक ही पैमाने पर आंकना होगा। मुझे लगता है कि रोहित एक कप्तान के रूप में ज्यादा सफल होंगे।"

कप्तान

दो कप्तानों की नियुक्ति के बाद ऐसा रहा था परिणाम

भारत ने पहले भी दो कप्तानों को नियुक्त किया है, जो कि परिणाम के लिहाज से अच्छा भी रहा है। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने 2014/15 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया, जिसके बाद टीम की कमान विराट कोहली को सौंप दी गई। हालांकि, धोनी ने 2017 तक वनडे और टी-20 में नेतृत्व करना जारी रखा। इस बीच भारत ने 14 टेस्ट, 13 वनडे और आठ टी-20 सीरीज जीती।

लेखक के विचार

कप्तानी में ऐसे कम हो सकता है कोहली का वर्कलोड

निरंतर हो रहे क्रिकेट के बीच कप्तान पर वर्कलोड पड़ना निश्चित है। ऐसे में अगर अलग प्रारूप में अलग कप्तान होगा तो कोहली कप्तानी के अतिरिक्त दबाव से छुटकारा पा सकते हैं। इस कदम से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके करियर का दायरा आसानी से बढ़ सकता है। दूसरी तरफ रोहित शर्मा टी-20 क्रिकेट में सफल कप्तान रहे हैं और अगले टी-20 विश्व कप को देखते हुए अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं।