
मैनचेस्टर टेस्ट: जैक क्रॉली और बेन डकेट ने लगाए अर्धशतक, इंग्लैंड के नाम रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
मैनचेस्टर टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 358 रन बनाए। इसके जवाब में दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक इंग्लैंड ने 2 विकेट खोकर 225 रन का स्कोर बनाया है। फिलहाल मेजबान टीम 133 रन से पीछे हैं। स्टम्प्स तक क्रीज पर जो रूट (11) और ओली पोप (20) बने हुए हैं। आइए दूसरे दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।
भारत
ऐसी रही भारत की पारी
पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारत का स्कोर 264/4 रहा था। ऐसे में दूसरे दिन रविंद्र जडेजा सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने 88 गेंदों का सामना करते हुए 41 रन की उम्दा पारी खेली। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (27) के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी की। पहले दिन रिटायर्ड हर्ट होने वाले ऋषभ पंत ने दूसरे दिन अर्धशतक (54) लगाया और टीम ने 350 का आंकड़ा पार किया।
पंत
WTC में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बने पंत
अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान पंत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के सभी चक्र को मिलाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा। पंत के नाम WTC में अब 67 पारियों में 43.34 की औसत के साथ 2,731 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाए। बता दें कि WTC में रोहित ने 69 पारियों में 41.15 की औसत से 2,716 रन बनाए थे।
स्टोक्स
स्टोक्स ने चटकाए 5 विकेट
स्टोक्स ने 24 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 72 रन देते हुए 5 सफलताएं हासिल की। स्टोक्स ने शुभमन गिल (12) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने साई सुदर्शन, शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर और अंशुल कंबोज का विकेट लिया। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और भारत के खिलाफ दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। स्टोक्स के अलावा जोफ्रा आर्चर ने 3 सफलताएं हासिल की।
इंग्लैंड
क्रॉली और डकेट ने दिलाई जोरदार शुरुआत
इंग्लैंड की टीम को क्रॉली और डकेट ने जोरदार शुरुआत दिलाई। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड को पहला झटका क्रॉली के रूप में लगा। वह 113 गेंदों में 13 चौकों और 1 छक्के की मदद से 84 रन बनाकर आउट हुए। यह क्रॉली के टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक रहा। उनकी पारी का अंत अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने किया।
डकेट
शतक से चूके डकेट
डकेट ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। तेजी से रन बटोरते हुए वह 100 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए। डकेट अपने टेस्ट करियर के 7वें शतक से चूक गए। डकेट ने भारत के खिलाफ अब तक 11 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 20 पारियों में उन्होंने 700 से अधिक रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ उन्होंने 2 शतक लगाए हैं।