ढाका टेस्ट: बांग्लादेश ने पहली बार घर पर खेलते हुए पाकिस्तान को हराया, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने सीरीज के पहले टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 104 रन से हराते हुए 2 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। ढाका में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 268 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की दूसरी पारी 163 रन पर सिमट गई। यह क्रिकेट के इतिहास में बांग्लादेश की पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में सिर्फ तीसरी ही जीत है। आइए मैच के बारे में जानते हैं।
मैच
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 413 रन बनाए, जिसमें नजमुल हुसैन शांतो ने शतक (101) लगाया। पाकिस्तान से मोहम्मद अब्बास ने 5 विकेट लिए। जवाब में पाकिस्तान ने अजान अवैस के शतक की बदौलत 386 रन बनाने में सफल रही। पहली पारी के आधार पर बढ़त हासिल करने वाली मेजबान टीम ने अपनी दूसरी पारी 240/9 पर घोषित की। मैच के आखिरी दिन के आखिरी सत्र के दौरान पाकिस्तानी पारी सिमट गई।
शतक
नजमुल हुसैन शांतो ने लगाया शतक
पहली पारी में शांतो ने 130 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का कुल नौवां शतक साबित हुआ, जो उन्होंने मैच के पहले दिन पूरा किया। इस बीच उन्होंने मोमिनुल हक के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 170 रन जोड़े। उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 2 छक्के लगाए। मोहम्मद अब्बास ने उनकी पारी का अंत किया। अपनी दूसरी पारी में उन्होंने 87 रन बनाए।
उपलब्धि
सर्वाधिक शतक वाले बांग्लादेशी कप्तान बने शांतो
बांग्लादेश के कप्तान के तौर पर यह उनका कुल 5वां टेस्ट शतक है। वह बांग्लादेश के कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उन्होंने मुशफिकुर रहीम का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि रहीम ने बांग्लादेश की कप्तानी करते हुए 4 शतकों की बदौलत और 41.44 की औसत से 2,321 रन बनाए थे। वहीं मोमिनुल हक ने कप्तानी करते हुए 3 शतक जड़े थे।
जीत
पहली बार बांग्लादेश ने अपने घर पर पाकिस्तान को हराया
बांग्लादेश ने पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ घर पर खेलते हुए कोई टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले बांग्लादेश ने इस टीम के खिलाफ 8 टेस्ट (घर पर) खेले थे, जिसमें से 7 में उन्हें हार मिली थी और एक मैच ड्रॉ रहा था। यह बांग्लादेश की टेस्ट में पाकिस्तान के विरुद्ध लगातार तीसरी जीत है। बता दें कि इससे पहले बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी में खेले गए 2 टेस्ट (अगस्त, 2008) को जीता था।
उपलब्धि
इस सूची में शामिल हुए मोमिनुल हक
मोमिनुल हक ने पहले टेस्ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में शानदार अर्धशतकीय पारी (56) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का 27वां अर्धशतक रहा। पारी का 50वां रन बनाते ही उनके टेस्ट क्रिकेट में 5,000 रन भी पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले केवल तीसरे बांग्लादेशी क्रिकेटर हैं। बांग्लादेश के लिए सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड रहीम (6,603) के नाम दर्ज हैं। सूची में तमीम इकबाल (5,134) दूसरे नंबर पर है।
नाहिद
नाहिद राणा ने दूसरी पारी में लिए 5 विकेट
नाहिद राणा की गति के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज बेबस नजर आए। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मैच की चौथी पारी के दौरान 38 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 102 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने सौद शकील, शान मसूद और मोहम्मद रिजवान जैसे प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट चटकाए। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार उन्होंने 5 विकेट हॉल साबित हुआ।