LOADING...
CBI करेगी सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या की जांच, 7 सदस्यीय SIT का गठन
CBI करेगी सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या की जांच

CBI करेगी सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या की जांच, 7 सदस्यीय SIT का गठन

लेखन गजेंद्र
May 12, 2026
11:21 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। यह कदम बंगाल सरकार की सिफारिश के बाद उठाया गया है। अब कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा आवश्यक अधिसूचना जारी होने के बाद CBI औपचारिक रूप से जांच शुरू करेगी। जांच के लिए 7 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) रैंक के अधिकारी करेंगे।

जांच

टीम में ये अधिकारी शामिल

दिल्ली CBI इकाई के DIG पंकज सिंह के नेतृत्व में टीम काम करेगी। इस 7 सदस्यीय टीम में अलग-अलग इकाई के अधिकारी शामिल हैं। इसमें दिल्ली के सुबाह चंद्र कुंडू, अनिल कुमार यादव, धनबाद के विकास पाठक, पटना के अमित कुमार, रांची के कुलदीप और लखनऊ इकाई के विवेक श्रीवास्तव हैं। अभी तक पुलिस ने हत्या के आरोप में उत्तर प्रदेश और बिहार से विशाल श्रीवास्तव, राज सिंह, मयंक मिश्रा को गिरफ्तार किया है, जो 24 तक हिरासत में हैं।

हत्या

योजना बनाकर की गई थी हत्या

नवनियुक्त मुख्यमत्री सुवेंदु के सहयोगी रथ को 6 मई की रात उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यग्राम में दोहरिया क्रॉसिंग के पास गोली मारी गई थी। घटना के समय रथ कार में थे और उनका चालक बुद्धदेव बेरा वाहन चला रहा था। तभी बाइक सवार हमलों ने उनकी कार को रोका और ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। घटनास्थल रथ के पैतृक आवास से 170 मीटर दूर था। हमले में उनका चालक घायल है। हमलावरों ने वारदात को योजना बनाकर अंजाम दिया।

Advertisement