LOADING...
फ्लोरिडा गोलीबारी के बाद OpenAI पर हुआ मुकदमा, ChatGPT पर मदद देने का लगा आरोप
फ्लोरिडा शूटिंग के बाद OpenAI पर हुआ मुकदमा

फ्लोरिडा गोलीबारी के बाद OpenAI पर हुआ मुकदमा, ChatGPT पर मदद देने का लगा आरोप

May 12, 2026
11:06 am

क्या है खबर?

अमेरिका की फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी में हुई गोलीबारी के मामले में अब OpenAI कानूनी विवाद में घिर गई है। इस घटना में मारे गए यूनिवर्सिटी कर्मचारी तिरु चब्बा की पत्नी वंदना जोशी ने कंपनी पर मामला दर्ज कराया है। अप्रैल, 2025 में हुई इस गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 7 अन्य घायल हुए थे। शिकायत में आरोप लगा है कि कथित हमलावर को ChatGPT से ऐसी जानकारी मिली जिसने हमले की तैयारी में उसकी मदद की।

आरोप

ChatGPT पर मदद देने का लगाया आरोप

दायर मामले में कहा गया है कि आरोपी फीनिक्स इकनर कई महीनों तक ChatGPT से बातचीत कर रहा था। चैटबॉट ने उसे हथियारों की जानकारी दी, बंदूक इस्तेमाल करने के तरीके बताए और हमले की तैयारी से जुड़ी सलाह भी दी। शिकायत में यह भी दावा किया गया कि बातचीत के दौरान बड़े हमले को ज्यादा चर्चा मिलने जैसी बातें कही गईं। वकीलों ने OpenAI पर लापरवाही और गलत तरीके से मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है।

प्रतिक्रिया

OpenAI ने आरोपों को किया खारिज

OpenAI ने इन आरोपों को गलत बताया है। कंपनी के प्रवक्ता ड्रू पुसाटेरी ने कहा कि ChatGPT ने केवल सामान्य जानकारी दी थी, जो इंटरनेट पर पहले से मौजूद थी। उनका कहना है कि चैटबॉट ने किसी गैरकानूनी या हिंसक काम को बढ़ावा नहीं दिया। कंपनी ने यह भी बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध से जुड़े अकाउंट की पहचान की गई थी और उससे जुड़ी जानकारी जांच एजेंसियों के साथ साझा की गई।

Advertisement

जांच

मामले की जांच में बढ़ा कानूनी दबाव

इस घटना के बाद फ्लोरिडा के अटॉर्नी जनरल जेम्स उथमेयर ने भी OpenAI के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू कर दी है। अगर चैटबॉट की भूमिका साबित होती है तो कंपनी पर राज्य के कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है। यह मामला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की जिम्मेदारी और सुरक्षा को लेकर नई बहस खड़ी कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में AI कंपनियों पर निगरानी और नियम और सख्त किए जा सकते हैं।

Advertisement