Page Loader
देवधर ट्रॉफी 2023: रियान पराग ने 66 गेंदों में जड़ा शतक, ऐसे रहे आंकड़े 
रियान पराग का शानदार फॉर्म जारी है (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

देवधर ट्रॉफी 2023: रियान पराग ने 66 गेंदों में जड़ा शतक, ऐसे रहे आंकड़े 

Aug 01, 2023
01:04 pm

क्या है खबर?

देवधर ट्रॉफी 2023 में मंगलवार को ईस्ट जोन और वेस्ट जोन के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के 14वें मुकाबले में ईस्ट जोन के बल्लेबाज रियान पराग ने शानदार शतक जमा दिया। यह उनके लिस्ट-A करियर का पांचवा शतक रहा और इसे पूरा करने के लिए उन्होंने 66 गेंदों का सामना किया। पराग के अलावा कुमार कुशाग्र और उत्कर्ष सिंह ने भी अर्धशतक जमाए। आइए पराग की पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

साझेदारी

ऐसी रही पराग की पारी और साझेदारी 

शीर्ष क्रम के टीम के लिए कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पराग ने टीम को बखूबी संभालते हुए जिम्मेदारी पूर्वक बल्लेबाजी की। इस पारी में पराग ने 150 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 68 गेंदों में 102 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने आक्रामक रूप अपनाते हुए 6 चौके और 5 छक्के जमाए। पराग ने छठे विकेट के लिए साथी खिलाड़ी कुमार के साथ मिलकर 106 गेंदों में 150 रनों की साझेदारी निभाई।

लिस्ट-A

ऐसा रहा है पराग का लिस्ट-A करियर

दाएं हाथ के बल्लेबाज पराग ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में अब तक 46 मैच खेले हैं। 41 पारियों में वह अब तक 38 से ज्यादा की औसत से 1,500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वह 5 शतकों के अलावा अब तक 7 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 174 रन का है। पराग ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 31.16 की औसत से 48 विकेट भी लिए हैं।

शतक

नॉर्थ जोन के खिलाफ भी जड़ा था शानदार शतक 

देवधर ट्रॉफी 2023 में पराग का यह दूसरा शतक। इससे पहले नॉर्थ जोन के खिलाफ पराग ने 128.43 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में 131 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 11 छक्के लगाए थे। ईस्ट जोन ने इस मुकाबले में नॉर्थ जोन को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य दिया था। नॉर्थ जोन लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 249 रन ही बना पाई थी और मुकाबला हार गई थी।

लक्ष्य

ईस्ट जोन ने वेस्ट जोन को दिया 320 रन का विशाल लक्ष्य 

ईस्ट जोन ने इस मुकाबले में वेस्ट जोन को जीत के लिए 320 रन का लक्ष्य दिया है। ईस्ट जोन ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 319 रन बनाए। पराग के अलावा कुमार ने 47 गेंद में 53 रन की शानदार पारी खेली। उत्कर्ष ने 52 गेंद में 50 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में वेस्ट जोन की ओर से शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।