Page Loader
देवधर ट्रॉफी 2023: रियान पराग ने जमाया लिस्ट-A करियर का चौथा शतक, जानिए उनके आंकड़े 
रियान पराग ने लिस्ट-A क्रिकेट में 7 अर्धशतक भी जमा चुके हैं (तस्वीर: ट्विटर/@BCCI)

देवधर ट्रॉफी 2023: रियान पराग ने जमाया लिस्ट-A करियर का चौथा शतक, जानिए उनके आंकड़े 

Jul 28, 2023
11:56 am

क्या है खबर?

देवधर ट्रॉफी 2023 में शुक्रवार को नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के 7वें मुकाबले में ईस्ट जोन के बल्लेबाज रियान पराग (131) ने शानदार शतक जमा दिया। यह पराग के लिस्ट-A करियर का चौथा शतक रहा और इसे पूरा करने के लिए उन्होंने 84 गेंदों का सामना किया। ईस्ट जोन की पारी में पराग को छोड़कर ज्यादातर बल्लेबाजों ने निराश किया। आइए पराग की पारी और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

रिपोर्ट

ऐसी रही पराग की पारी और साझेदारी 

शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद पराग ने टीम को बखूबी संभालते हुए जिम्मेदारीपूर्वक बल्लेबाजी की। इस पारी में पराग ने 128.43 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 102 गेंदों में 131 रन बनाए। इस पारी के दौरान उन्होंने आक्रामक रूप अपनाते हुए 5 चौके और 11 छक्के जमाए। पराग ने छठे विकेट के लिए साथी खिलाड़ी कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर 182 गेंदों में 235 रनों की ठोस साझेदारी निभाई।

रिपोर्ट

पराग का लिस्ट-A करियर 

दाएं हाथ के बल्लेबाज पराग ने अपने लिस्ट-A क्रिकेट करियर में अब तक 45 मैच खेले हैं। 40 पारियों में वह अब तक 36 से ज्यादा की औसत से 1,450 से ज्यादा रन बना चुके हैं। वह 4 शतकों के अलावा अब तक 7 अर्धशतक भी जमा चुके हैं। इस फॉर्मेट में उनका उच्चतम स्कोर 174 रन का है। पराग ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 31.46 की औसत से 43 विकेट भी लिए हैं।

रिपोर्ट

IPL 2023 में खराब प्रदर्शन के लिए हुई थी आलोचना 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें संस्करण में पराग की खराब फॉर्म के चलते काफी आलोचना हुई थी। इसके चलते उन्हें कुछ मैचों से बाहर भी कर दिया गया था। IPL 2023 में खेले गए 7 मैचों में उन्होंने 13.00 की मामूली औसत और 118.18 की स्ट्राइक रेट से केवल 78 रन बनाए थे। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर केवल 20 रनों का रहा था। ओवरऑल IPL करियर में उन्होंने 54 मैचों में 16.22 की औसत से 600 रन बनाए।

रिपोर्ट

नॉर्थ जोन ने ईस्ट जोन को दिया 338 रन का विशाल लक्ष्य 

ईस्ट जोन ने इस मुकाबले में नॉर्थ जोन को जीत के लिए 338 रन का लक्ष्य दिया है। ईस्ट जोन ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रन बनाए। पराग के अलावा कुशाग्र ने 87 गेंदों में 98 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके लिस्ट-A क्रिकेट का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर रहा। गेंदबाजी में नॉर्थ जोन की ओर से मयंक यादव 4 और हर्षित राणा 3 विकेट लेने में कामयाब रहे।