Page Loader
टी-20 क्रिकेट में कैसा रहा है सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन?
सूर्यकुमार यादव

टी-20 क्रिकेट में कैसा रहा है सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन?

Feb 26, 2022
01:30 pm

क्या है खबर?

टी-20 टीम में भारतीय शीर्षक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपने अब तक के सीमित अंतरराष्ट्रीय करियर में प्रभावित किया है। उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में उम्दा प्रदर्शन करके 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का पुरस्कार जीता था। हालांकि, वह चोट के कारण इस समय श्रीलंका के खिलाफ जारी टी-20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। सूर्यकुमार के टी-20 करियर पर एक नजर डालते हैं।

टी-20 करियर

शानदार रहा है सूर्यकुमार का टी-20 करियर

सूर्यकुमार ने अब तक अपने करियर में 198 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 31.13 की औसत और 142.16 की स्ट्राइक रेट से 4,235 रन बनाए हैं। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 25 अर्धशतक जड़े हैं। वह अब तक टी-20 करियर में शतक नहीं लगा सके हैं और उनका उच्चतम स्कोर 94* है। 31 वर्षीय सूर्यकुमार ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में अब तक 146 छक्के और 445 चौके लगाए हैं।

IPL करियर

IPL में ऐसा रहा है सूर्यकुमार का सफर

पिछले कुछ सालों से सूर्यकुमार ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी क्लास दिखाई है। 2012 में अपना IPL डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार ने अब तक 115 मैचों में 28.9 की औसत से 2,341 रन बनाए हैं। ये रन उन्होंने 135.71 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 13 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। IPL 2022 की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस (MI) ने उन्हें रिटेन किया था।

आंकड़े

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार का प्रदर्शन

सूर्यकुमार ने मार्च 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी-20 पदार्पण किया था, जिसमें उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिल सका और भारत ने वो मुकाबला सात विकेट से जीत लिया था। उन्होंने अब तक 14 टी-20 मैच खेले हैं और 165.56 की स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए हैं। इस बीच उनका औसत (39.00) भी बेहतर रहा है। इसके अलावा उन्होंने 65 के सर्वोच्च स्कोर के साथ चार अर्धशतक भी लगाए हैं।

2022

सूर्यकुमार ने 2022 का किया है शानदार आगाज

सूर्यकुमार ने 2022 में तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 53.50 की उम्दा औसत और 194.54 की स्ट्राइक रेट से 107 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है। वह वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई टी-20 सीरीज में भारत की ओर से सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज रहे थे। हालांकि, उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर के कारण श्रीलंका के खिलाफ इस समय खेली जा रही टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया था।