LOADING...
IPL 2022: दिल्ली के तीसरे मैच से खेल सकेंगे एनरिक नोर्खिया
तस्वीर- Twitter/@AnrichNortje02

IPL 2022: दिल्ली के तीसरे मैच से खेल सकेंगे एनरिक नोर्खिया

Mar 22, 2022
04:47 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की शुरुआत 26 मार्च से होनी है, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने अभियान की शुरुआत 27 मार्च को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ करेगी। इस बीच दिल्ली के स्टार गेंदबाज एनरिक नोर्खिया की उपलब्धता को लेकर जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज गेंदबाज नोर्खिया फिटनेस के चलते दिल्ली के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

7 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेंगे नोर्खिया- रिपोर्ट

DC फ्रेंचाइजी के एक अधिकारी ने cricbuzz को बताया कि IPL 15 में नोर्खिया टीम के तीसरे मैच से भाग लेंगे, जो 7 अप्रैल से शुरु होना है। यह मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा। इसका मतलब है नोर्खिया मुंबई और गुजरात के खिलाफ होने वाले शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाएंगे। बता दें नोर्खिया पहले ही मुंबई पहुंच चुके हैं और पिछले कुछ दिनों से क्वारंटाइन में है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट

नवंबर 2021 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेले हैं नोर्खिया

चोट के चलते नोर्खिया इस सीजन में दक्षिण अफ्रीका की किसी भी घरेलू अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच टी-20 विश्व कप में खेला था। दक्षिण अफ्रीका वर्तमान में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहा है, जिसके बाद दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। हालांकि, CSA ने अपने IPL में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं चुना है और लीग में खेलने की छूट दी है।

जानकारी

दिल्ली ने नोर्खिया किया था रिटेन

नोर्खिया ने IPL 2021 में आठ मैचों में 15.58 की औसत से 12 विकेट लिए थे। इससे पहले IPL 2020 में उन्होंने 22 विकेट लेकर प्रभावित किया था। नोर्खिया को इस बार नीलामी से पहले ही दिल्ली ने 6.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।

स्क्वाड

दिल्ली का पूरा स्क्वाड

ऋषभ पंत (कप्तान), अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, एनरिक नोर्खिया, डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, शार्दुल ठाकुर, मुस्तफिजुर रहमान, कुलदीप यादव, अश्विन हेब्बर, सरफराज खान, केएस भरत, कमलेश नागरकोटी, मंदीप सिंह, खलील अहमद, चेतन सकारिया, ललित यादव, रिपल पटेल, यश ढुल, रोवमैन पॉवेल, प्रवीण दुबे, लुंगी एनगिडी और टिम सीफर्ट।

नेट गेंदबाज

बतौर नेट गेंदबाज लखनऊ से जुड़ेंगे ब्लेसिंग मुजरबानी

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी लखनऊ सुपर जायंट्स के नेट गेंदबाज होंगे। लखनऊ के मार्क वुड चोट के चलते इस सीजन से पहले ही बाहर हो चुके हैं। ऐसे में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स ने यह जानकारी दी थी कि मुजरबानी IPL के आगामी सीजन के लिए वुड के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम से जुड़ेंगे। हालांकि, cricbuzz ने स्पष्ट किया है कि मुजरबानी को नेट गेंदबाज के रूप में लखनऊ ने अपने साथ जोड़ा है।