
डेविड वार्नर ने IPL में 62वां अर्धशतक जड़कर पूरे किए 6,500 रन, ये रिकॉर्ड्स भी बनाए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 13वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने कमाल की पारी (52) खेली। यह उनके IPL करियर का 62वां अर्धशतक रहा।
सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरे इस खिलाड़ी ने पहली गेंद से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और बड़े-बड़े शॉट्स लगाए।
इसी के साथ उन्होंने 6,500 रन भी पूरे कर लिए हैं। यह खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर आउट हुआ।
आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही वार्नर की पारी और साझेदारी
वार्नर ने 35 गेंद का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 5 चौके और 3 छक्के निकले।
उनकी स्ट्राइक रेट 148.57 की रही। उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 58 गेंद में 93 रन जोड़ दिए।
इस सीजन यह खिलाड़ी कमाल के फॉर्म में चल रहा है।
उन्होंने अब तक खेले 3 मुकाबलों में 43.33 की औसत और 144.44 की स्ट्राइक रेट से 130 रन बनाए हैं।
अर्धशतक
CSK के खिलाफ सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज
इस अर्धशतक के साथ ही वार्नर IPL में CSK के खिलाफ संयुक्त रूप से सर्वाधिक अर्धशतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में विराट कोहली और शिखर धवन की बराबरी कर ली है। तीनों के CSK के खिलाफ अब 9-9 अर्धशतक हो गए हैं।
इस सूची में रोहित शर्मा (7) दूसरे, गौतम गंभीर और शेन वॉटसन (5-5) तीसरे, एबी डिविलियर्स, कीरोन पोलार्ड, केएल राहुल और आंद्रे रसेल (4-4) संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर हैं।
तीसरे
ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने वार्नर
वार्नर IPL के इतिहास में 6,500 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले यह कारनामा कोहली (7,444) और धवन (6,754) कर चुके हैं।
कोहली ने 240 मैच की 232 पारियों में 37.78 की औसत और 130.27 की स्ट्राइक रेट से ये रन बनाए हैं।
धवन ने 220 मैच की 219 पारियों में 35.54 की औसत और 127.28 की स्ट्राइक रेट से IPL में रन बनाए हैं। रोहित शर्मा (6,280) रन के साथ चौथे स्थान पर हैं।
रन
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
वार्नर ने अपनी इस पारी के दौरान टी-20 क्रिकेट में 110वीं बार 50+ का स्कोर बनाया। उन्होंने इसी के साथ सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले क्रिस गेल (110) की बराबरी कर ली है।
तीसरे स्थान पर कोहली (101) और चौथे स्थान पर बाबर आजम (98) हैं। जोस बटलर ने 86 बार यह कारनामा किया है।
अपनी इस पारी के दौरान वार्नर CSK के खिलाफ 500 गेंद खेलने वाले पहले विदेशी बल्लेबाज भी बने हैं।