Page Loader
न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने जीता 'ICC स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड', विश्वकप में दिखाई थी खेलभावना
डेरिल मिचेल

न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने जीता 'ICC स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड', विश्वकप में दिखाई थी खेलभावना

Feb 02, 2022
04:25 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को 2021 के लिए 'ICC स्पिरिट ऑफ क्रिकेट अवार्ड' मिला है। मिचेल ने टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में खेल भावना का परिचय देते हुए सिंगल नहीं लिया था, जिसके चलते उन्हें ये सम्मान मिला है। वह इस सम्मान से नवाजे जाने वाले चौथे कीवी खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले डेनियल विटोरी, ब्रैंडन मैकुलम और केन विलियमसन यह पुरस्कार जीत चुके हैं। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

इस तरह का पुरस्कार प्राप्त करना बहुत अच्छा है- मिचेल

इस पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद मिचेल ने कहा, "टी-20 विश्व कप का हिस्सा बनना एक अद्भुत अनुभव था और इस तरह का पुरस्कार प्राप्त करना बहुत अच्छा है। यह कुछ ऐसा है जिस पर हम न्यूजीलैंड का होने पर गर्व महसूस करते हैं। व्यक्तिगत रूप से मुझे लगा कि मैं रास्ते में आ गया और मैं इतने बड़े मैच में विवाद नहीं करना चाहता था।"

घटनाक्रम

ऐसी हुई थी पूरी घटना

मैच के 18वें ओवर में आदिल राशिद की पहली गेंद पर जिमी नीशम ने शॉट लगाया, जिसे राशिद सम्भवतः रोक सकते थे, लेकिन नॉन स्ट्राइकर पर खड़े मिचेल के बीच में आने के बाद वह गेंद नहीं रोक सके। ऐसे में दोनों खिलाड़ी आसानी से सिंगल ले सकते थे लेकिन मिचेल ने छोर नहीं बदला और नीशम को वापस क्रीज पर भेज दिया। रोचक मुकाबले में 166/4 के स्कोर का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड का स्कोर उस समय 133/4 था।

प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ मिचेल ने अर्धशतक लगाकर दिलाई थी जीत

सेमीफाइनल में मिचेल ने 47 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 72* रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। मिचेल ने तीसरे विकेट के लिए डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर 67 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी की थी। इसके बाद मिचेल ने पांचवे विकेट के लिए नीशम के साथ मिलकर सिर्फ 17 गेंदों में 40 रन जोड़े थे। मिचेल ने 47 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 72* रन बनाए थे।

करियर

ऐसा रहा है मिचेल का अंतरराष्ट्रीय करियर

मिचेल ने भारत के खिलाफ फरवरी 2019 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पर्दापण किया था। उन्होंने अब तक 25 मुकाबले खेल लिए हैं, जिसमें 21.77 की औसत और 134.70 की स्ट्राइक रेट से 392 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 72* के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक अर्धशतक भी अपने नाम किया है। मिचेल ने सात टेस्ट में 43.28 की औसत से 303 रन बनाए हैं। वहीं तीन वनडे में 112 रन बनाए हैं।

जानकारी

2021 के लिए इन पुरुष खिलाड़ियों को मिले ICC सम्मान

ICC ने पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी को 2021 का 'क्रिकेटर ऑफ द ईयर' चुना है। पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम को वनडे और मोहम्मद रिजवान को टी-20 क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। वहीं जो रूट को साल का बेस्ट टेस्ट क्रिकेटर चुना है।