Page Loader
विनेश फोगाट को लेकर जल्द आ सकता है CAS का फैसला, भारतीय पहलवान ने छोड़ा खेलगांव
भारतीय पहलवान ने छोड़ा खेलगांव (फाइल तस्वीर:एक्स/@WeAreTeamIndia)

विनेश फोगाट को लेकर जल्द आ सकता है CAS का फैसला, भारतीय पहलवान ने छोड़ा खेलगांव

Aug 13, 2024
12:10 pm

क्या है खबर?

भारत की विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उनका वजन 50 किलोग्राम की तय सीमा से लगभग 100 ग्राम ज्यादा था। इसके बाद विनेश ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन ऑफ स्पोर्ट्स (CAS) के सामने अपना पक्ष रखा था। इस पर CAS का फैसला मंगलवार (13 अगस्त) को आना है। हालांकि, इस बीच खबर है कि विनेश ने खेलगांव को छोड़ दिया है और वह जल्द ही स्वदेश पहुचेंगी।

घटनाक्रम

फाइनल में पहुंचने के बाद अयोग्य घोषित हुई थी विनेश

ठीक एक हफ्ते पहले, विनेश ने पेरिस ओलंपिक के अपने पहले मुकाबले में दुनिया की नंबर-1 यूई सुसाकी को हराकर कमाल कर दिया था। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली थी। वह ओलंपिक के इतिहास में फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थी। इसके बाद उन्हें अगली सुबह में महिलाओं के स्वर्ण पदक के मुकाबले से बाहर कर दिया था।

दलील 

विनेश ने संयुक्त रूप से रजत पदक की मांग की है

विनेश ने CAS से अपील की थी और क्यूबा की पहलवान युस्नेलिस गुजमैन लोपेज के साथ संयुक्त रूप से रजत पदक की मांग की थी। इस विवादित मामले पर 10 अगस्त को फैसला आना था। हालांकि, बाद में CSA ने इसे 13 अगस्त के लिए टाल दिया था। गौरतलब हो कि CAS एक स्वतंत्र संस्था है, जिसका काम विश्व भर के खेल से जुड़े विवादों का निपटारा करना है। इसकी स्थापना साल 1984 में की गई थी।