वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 8,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। रावलपिंडी स्टेडियम में खेलते हुए उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 8,000 रन पूरे किए और वह इंग्लैंड की ओर से इस आंकड़े को छूने वाले पहले बल्लेबाज बने। इस बीच वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 8,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
विराट कोहली (175 पारी)
भारतीय क्रिकेट टीम के विराट कोहली सबसे तेज इस आंकड़े को छूने में सफल हुए थे।
उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में अपने 8,000 वनडे रन पूरे किए थे।
कोहली ने 175 पारियों में ये मुकाम हासिल किया था।
भारतीय दिग्गज अब तक वनडे करियर में 15,000 से अधिक रन बना चुके हैं। वह सबसे तेज 15,000 रन (303 पारियों में) के आंकड़े तक पहुंचे थे।
#2
हाशिम अमला (176 पारी)
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हाशिम अमला का क्रिकेट करियर शानदार रहा था।
वह वनडे प्रारूप में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
उन्होंने अपने वनडे करियर की 176 पारियों में 8,000 रन का आंकड़ा पार किया था।
उन्होंने वनडे विश्व कप 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 55 रन बनाए थे और इस दौरान ये मुकाम हासिल किया था।
अमला ने अपने वनडे करियर का अंत 8,113 रन के साथ किया था।
#3
एबी डिविलियर्स (182 पारी)
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज एबी डिविलियर्स इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ डरबन में खेले गए मैच में 64 रन बनाए थे और इस दौरान 8,000 वनडे रन पूरे किए थे।
अपने वनडे करियर में उन्होंने 228 मैच खेले थे, जिसमें 53.50 की औसत और 101 की स्ट्राइक रेट के साथ 9,577 रन बनाए थे। उन्होंने 25 शतक और 53 अर्धशतक भी लगाए थे।
#4
जो रूट (186 पारी)
रूट ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ मैच में 69 रन की पारी खेली।
इस बीच रूट वनडे क्रिकेट में 8,000 रन बनाने वाले विश्व के कुल 34वें और इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बने।
उन्होंने इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 186 पारियों का सहारा लिया।
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने 13 साल और 284 दिन के अंतराल में ये मुकाम हासिल किया है। उन्होंने 2013 में अपने वनडे करियर की शुरुआत की थी।