Page Loader
अभिषेक शर्मा सबसे कम पारियों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले भारतीय बने
अभिषेक शर्मा ने सबसे कम पारियों में जड़ा टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

अभिषेक शर्मा सबसे कम पारियों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले भारतीय बने

Jul 07, 2024
06:14 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (100) खेली। यह उनका दूसरा ही मैच था और इसमें उन्होंने शतक जड़ दिया। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक अपने डेब्यू मैच में खाता भी नहीं खोल पाए थे। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

अभिषेक ने दीपक हूडा को पछाड़ा

अभिषेक ने सबसे कम पारियों में शतक जड़ने के मामले में दीपक हूडा को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 3 पारियों में पहला शतक जड़ा था। इस सूची में केएल राहुल 4 पारियों के साथ तीसरे, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल 6-6 पारियों के साथ संयुक्त रूप से चौथे, सुरेश रैना 12 पारियों के साथ 5वें, रुतुराज गायकवाड़ 15 पारियों के साथ 6 और सूर्यकुमार यादव 17 पारियों के साथ 7वें पायदान पर हैं।

जानकारी

भारत के लिए शतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा

अभिषेक टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक जड़ने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय हैं। उन्होंने 23 साल 307 दिन में यह कारनामा किया है। यशस्वी (21 साल 279 दिन) पहले, गिल (23 साल 146 दिन) दूसरे और सुरेश रैना (23 साल 156 दिन) तीसरे नंबर पर हैं।

करियर

IPL 2024 में चला था अभिषेक का बल्ला

अभिषेक ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में धमाकेदार बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से खेलते हुए उन्होंने 32.26 की औसत और 204.21 की स्ट्राइक रेट से 484 रन बनाए थे। उन्होंने 75* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए थे। अपने टी-20 करियर में उन्होंने 105 मैच खेले हैं, जिसमें 2,771 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं।