महेंद्र सिंह धोनी से CSK के खिलाड़ी ने की थी अभद्रता, आकाश चोपड़ा का बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेट आकाश चोपड़ा ने साल 2023 के खिताबी सीजन से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। चोपड़ा के मुताबिक, IPL 2023 में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के ही एक खिलाड़ी ने कप्तान धोनी के साथ अभद्रता कर उन्हें गालियां तक दी थीं, लेकिन धोनी ने अपने स्वाभिमान और अहंकार को किनारे रखकर टीम हित में उस खिलाड़ी को लगातार खिलाने का फैसला किया।
बयान
चोपड़ा ने क्या दिया बयान?
धोनी की नेतृत्व क्षमता पर बात करते हुए चोपड़ा ने बताया कि जब उस खिलाड़ी ने धोनी से दुर्व्यवहार किया, तो माहौल बेहद असहज हो गया था।
आसपास मौजूद लोगों ने धोनी को सलाह दी कि उस खिलाड़ी को तुरंत बाहर कर घर भेज दिया जाए, क्योंकि टीम उसके बिना भी काम चला सकती है।
हालांकि, धोनी ने इस सलाह को ठुकरा दिया और टीम के हित को देखते हुए उसे आगे भी खिलाने का फैसला किया था।
जवाब
धोनी ने उस मामले पर क्या दी थी प्रतिक्रिया?
चोपड़ा ने उस मामले में धोनी के शब्दों को याद करते हुए बताया, "धोनी ने कहा था कि वह मूर्खों जैसा व्यवहार कर रहा है, लेकिन मैं कप्तान हूं। अगर मैं अपने अहंकार को हावी होने दूं, तो मैं उसका बैग पैक करके उसे घर भेज सकता हूं, लेकिन वह मेरे लिए उपयोगी साबित होगा। वह चेन्नई को जीतने में मदद करेगा। इसलिए, यह ठीक है। मैं अपने स्वाभिमान और अहंकार को निगल जाऊंगा, और उसे खिलाना जारी रखूंगा।"
विचार
IPL और क्रिकेट में धोनी की विरासत पर चोपड़ा के विचार
अपने IPL करियर में 278 मैचों में 5,439 रन बनाने वाले धोनी पर चोपड़ा ने कहा कि लीग में उनके योगदान को केवल रनों या विकेट के पीछे किए गए शिकार से नहीं मापा जा सकता। रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ धोनी ने IPL को आज के इस विशाल मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
चोपड़ा ने बताया कि जब भी धोनी बल्लेबाजी के लिए उतरते थे, तो व्यूअरशिप में जबरदस्त उछाल आ जाता था।
निराशा
धोनी की अनुपस्थिति में फीकी होगी IPL की चमक- चोपड़ा
धोनी के संन्यास पर भावुक होते हुए चोपड़ा ने कहा, "धोनी की अनुपस्थिति में IPL की चमक फीकी पड़ जाएगी।"
धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने भारत को तीनों प्रमुख ICC ट्रॉफी जिताई हैं। इसमें टी-20 विश्व कप 2007, वनडे विश्व कप 2011 और चैंपियंस ट्रॉफी 2013 शामिल हैं।
वहीं CSK को उन्होंने 5 IPL खिताब और 2 चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफी दिलाई हैं। बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद वे CSK के मेंटर की भूमिका निभाएंगे।