LOADING...
नीरज चोपड़ा के बेमिसाल करियर में ये रहे हैं उनके सर्वश्रेष्ठ थ्रो 
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल में बनाई जगह (तस्वीर: एक्स/@Olympics)

नीरज चोपड़ा के बेमिसाल करियर में ये रहे हैं उनके सर्वश्रेष्ठ थ्रो 

Aug 06, 2024
05:57 pm

क्या है खबर?

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 के फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में नाम के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए अपने पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर दूर भाला फेंका। वह अब 8 अगस्त को फाइनल में खेलते हुए नजर आएंगे। वह लगातार दूसरे ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेंगे। इस बीच नीरज के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के बारे में जानते हैं।

#1 

89.94 मीटर, 2022

अब तक नीरज का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर का रहा है। उनका यह प्रदर्शन 30 जून, 2022 को स्वीडन में स्टॉकहोम डायमंड लीग में देखने को मिला था। उन्होंने इस थ्रो के साथ ही नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया था। गौरतलब है कि यह सिर्फ दूसरी बार था जब नीरज ने 89 मीटर का आंकड़ा पार किया था। उस स्पर्धा में उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें पहला स्थान दिलाया था।

#2 

89.34 मीटर, 2024 

इस समय जारी पेरिस खेलों में अपने पहले और इकलौते प्रयास में नीरज के भाले ने 89.34 मीटर की दूरी तय की। यह उनका इस सीजन का सबसे बेहतर थ्रो बन गया। बता दें कि उन्होंने क्वालिफिकेशन में दोनों ग्रुप में सबसे ज्यादा दूरी हासिल की। उनके बाद ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.63 मीटर भाला फेंका। जर्मनी के जूलियन वेबर इस सूची में तीसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 87.76 मीटर का थ्रो किया।

#3 

89.30 मीटर, 2022 

2022 की स्टॉकहोम डायमंड लीग में करिश्माई प्रदर्शन (89.94 मीटर) करने से एक हफ्ते पहले नीरज ने फिनलैंड के तुर्कू में आयोजित पावो नूरमी गेम्स में कमाल दिखाया था। जून में हुई इस प्रतियोगिता में उन्होंने 89.30 मीटर दूर भाला फेंका था। अपने इस जोरदार प्रदर्शन के बावजूद वह दूसरे स्थान पर रहे थे। दिलचस्प रूप से तब उन्होंने 88.07 मीटर का अपना पिछला राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था।

#4 

89.08 मीटर, 2022

26 अगस्त, 2022 को नीरज ने 89.08 मीटर के थ्रो के साथ लुसाने डायमंड लीग में पहला स्थान हासिल किया और ज्यूरिख फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज ने 85.88 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। 45 दिनों में यह दूसरी बार था जब उन्होंने 89 मीटर के निशान को पार किया था। हालांकि, फिर से इसको पार करने में लगभग 2 साल लग गए।