Page Loader
पेरिस ओलंपिक 2024: नीरज चोपड़ा ने फाइनल में बनाई जगह
नीरज चोपड़ा ने फाइनल में बनाई जगह (फाइल तस्वीर: एक्स/@Neeraj_chopra1)

पेरिस ओलंपिक 2024: नीरज चोपड़ा ने फाइनल में बनाई जगह

Aug 06, 2024
03:23 pm

क्या है खबर?

पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया है। ग्रुप-B में मौजूद नीरज ने अपने पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर की दूरी के साथ फाइनल में जगह बनाई है। बता दें कि इस स्पर्धा में फाइनल में सीधे क्वालीफाई करने के लिए 84 मीटर का मार्क निर्धारित था। वहीं भारत के ही किशोर जेना 80.73 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर पाए।

उपलब्धि 

लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतकर इतिहास रचना चाहेंगे नीरज

नीरज ने पिछले टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। अगर वह मौजूदा पेरिस खेलों में भी पदक जीतने में सफल हो पाते हैं, तो 2 ओलंपिक पदक वाले चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे। बता दें कि व्यक्तिगत स्पर्धा में अब तक भारत की ओर से नॉर्मन प्रिचर्ड, सुशील कुमार, पीवी सिंधु और मनु भाकर ने 2-2 ओलंपिक पदक जीते हुए हैं।

किशोर जेना 

फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए किशोर जेना

क्वालिफिकेशन में किशोर ग्रुप-A में मौजूद थे। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 80.73 मीटर की दूरी तय की। इसके बाद उन्होंने अपना दूसरे प्रयास को दर्ज नहीं कराया। अपने तीसरे और आखिरी प्रयास में वह 80.21 मीटर की दूर भाला फेंक सके। ऐसे में वह फाइनल में सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए। उनके ग्रुप से 4 खिलाड़ियों ने 84 मीटर के मार्क से अधिक दूर भाला फेंका।

जानकारी

8 अगस्त को फाइनल में खेलेंगे नीरज चोपड़ा 

नीरज ने सिर्फ पहला प्रयास किया और सीधे क्वालीफाई कर लिया। वह अब 8 अगस्त को होने वाले फाइनल मुकाबले में अपनी चुनौती पेश करेंगे। यह मैच रात 11:00 बजे शुरू होगा।

सीजन

नीरज ने किया अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 

भारतीय स्टार खिलाड़ी नीरज ने अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। हालांकि, वह एक बार फिर 90 मीटर का मार्क छूने से चूक गए। बता दें कि उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 2022 में स्टॉकहोम डायमंड लीग में आया था। तब उन्होंने 89.94 मीटर के अपने सनसनीखेज थ्रो के साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। पेरिस ओलंपिक से पहले उन्होंने दोहा डायमंड लीग में 88.36 मीटर का थ्रो किया था।