Page Loader
नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, डायमंड लीग में शीर्ष पर रहने वाले पहले भारतीय बने
नीरज ने 89.08 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया (तस्वीर: ट्विटर/@ianuragthakur)

नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, डायमंड लीग में शीर्ष पर रहने वाले पहले भारतीय बने

Aug 27, 2022
10:51 am

क्या है खबर?

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लुसाने में खेली गई डायमंड लीग में शीर्ष स्थान हासिल करके इतिहास रच दिया है। वह इस लीग की किसी भी मीट में शीर्ष पर रहने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने 89.08 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने अगले महीने होने वाले ग्रैंड फाइनल के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। आइए इस खबर पर नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

अपने पहले प्रयास में नीरज ने किया सर्वश्रेष्ठ थ्रो

शुक्रवार को अपने पहले प्रयास में नीरज ने 89.08 मीटर थ्रो किया। प्रतियोगियों में से कोई भी भारतीय स्टार के साथ मुकाबला नहीं कर सका। इसके बाद 24 वर्षीय नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 85.18 मीटर थ्रो किया और तीसरे प्रयास में बैठने का फैसला किया। नीरज का चौथा प्रयास अयोग्य घोषित कर दिया गया और उन्होंने पांचवे प्रयास में भी बैठने का फैसला किया। अपने अंतिम प्रयास में उन्होंने 80.04 मीटर दूर भाला फेंका।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये नीरज का थ्रो

जानकारी

वाडलेज रहे दूसरे स्थान पर

चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज ने 85.88 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन अपने 83.72 मीटर थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

उपलब्धि

डायमंड लीग में शीर्ष पर रहने वाले पहले भारतीय बने नीरज

ओलंपिक चैंपियन नीरज डायमंड लीग की किसी भी मीट में पहला स्थान हासिल करने वाले भारत के पहले एथलीट बने हैं। उनसे पहले डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा डायमंड लीग की मीट में टॉप-3 में रहने वाले एकमात्र भारतीय थे। गौड़ा 2012 में न्यूयॉर्क में और 2014 में दोहा में दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा गौड़ा 2015 में शंघाई और यूजीन दो मौकों पर तीसरे स्थान पर रहे थे।

ग्रैंड फिनाले

ज्यूरिख में इन टॉप-6 एथलीटों से भिड़ेंगे नीरज

ज्यूरिख में 7-8 सितंबर 2022 तक होने वाले डायमंड लीग ग्रैंड फिनाले में विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा, ओलंपिक के रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज, जूलियन वेबर, कर्टिस थॉम्पसन और पैट्रिक गेलम्स भाला फेंक स्पर्धा में भाग लेंगे। ग्रैंड फिनाले की स्टैंडिंग में नीरज सात अंको के साथ चौथे स्थान पर हैं। वहीं वाडलेज 20 अंको के साथ शीर्ष पर हैं जबकि वेबर 19 और पीटर्स 16 अंको के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने जीता रजत

नीरज ने पिछले महीने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इतिहास रचते हुए रजत पदक जीता था। उन्होंने 88.13 मीटर के थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल कर लिया था। इस टूर्नामेंट के दौरान ही चोटिल हो गए थे और बर्मिंघम में खेले गए राष्ट्रमंडल खेल में हिस्सा नहीं ले सके थे। उन्होंने अब डायमंड लीग के जरिए जबरदस्त वापसी की है। इस लीग में शीर्ष पर रहने के चलते उन्होंने 2023 की एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भी टिकट हासिल किया है।