जोहो ने पेश किया अपना पहला नाथू ला सर्वर, बिजली की खपत होगी कम
जोहो ने हाल ही में 'नाथू ला' नाम से अपना पहला इन-हाउस सर्वर प्लेटफॉर्म पेश किया है। यह कंपनी के लिए हार्डवेयर के क्षेत्र में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इन सर्वरों को कंपनी के वैश्विक डाटा सेंटर्स को पावर देने के लिए बनाया गया है, जो दुनियाभर में 15 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को अपनी सेवाएं देते हैं। इन्हें बनाने का मुख्य मकसद लागत और बिजली की खपत को कम करना है।
कंपनी का कहना है कि नाथू ला प्लेटफॉर्म बिजली की खपत को 12-18 फीसदी तक कम कर सकता है, वहीं कुल खर्च में भी 30 फीसदी तक की बचत दिला सकता है। इससे उसका कामकाज ज्यादा कुशल और आत्मनिर्भर बनेगा।
नागपुर की टीम ने बनाया सर्वर
'नाथू ला' को नागपुर में जोहो की इंजीनियरिंग टीम ने तैयार किया है, जिसमें इंटेल जिओन 6 चिप्स का उपयोग किया गया है। इसमें खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट में शामिल कई इंजीनियर उसके सेतु प्रोग्राम से ही आए हैं। इन सभी ने इसे बनाने में अहम भूमिका निभाई है।
फिलहाल, कुछ 100 सर्वर जोहो के डाटा सेंटर्स में काम कर रहे हैं और कंपनी जल्द ही इनकी संख्या बढ़ाने की योजना बना रही है। हालांकि, इन्हें अभी व्यावसायिक तौर पर बेचने की कोई योजना नहीं है।