यूट्यूब पर वर्ल्ड कप ने व्यूज के मामले में तोड़े रिकॉर्ड
फीफा वर्ल्ड कप 2026 ने यूट्यूब पर धूम मचा दी है। टूर्नामेंट से जुड़े वीडियो को 1.7 अरब से ज्यादा लोगों ने देखा और कुल व्यूज का आंकड़ा 200 अरब के पार पहुंच गया। इस तरह यह यूट्यूब पर अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला वर्ल्ड कप बन गया है।
गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई ने एक्स पर यह खुशी साझा करते हुए बताया कि कैसे दुनियाभर के फैंस ने खेल के हर बेहतरीन पल और रीकैप्स के लिए यूट्यूब का ही सहारा लिया।
क्रिएटर्स ने कमाए 2.5 अरब व्यूज
यूट्यूब क्रिएटर्स ने भी इसमें बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी कमेंट्री और क्रिएटिव अंदाज से 2.5 अरब से ज्यादा व्यूज हासिल किए।
पहली बार हुए क्रिएटर कप को तो 1 करोड़ से ज्यादा लोगों ने लाइव देखा, जो अपने आप में काफी चौंकाने वाला था। मैदान पर बात करें तो स्पेन ने एक्स्ट्रा टाइम में अर्जेंटीना को 1-0 से मात दी। फेरान टोरेस के निर्णायक गोल की बदौलत स्पेन ने 16 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना दूसरा वर्ल्ड कप खिताब जीता।