हशमतुल्लाह शाहिदी ने अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी छोड़ी
क्या है खबर?
हशमतुल्लाह शाहिदी अब वनडे में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान नहीं रहेंगे। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 2022 टीम की कमान संभाली थी और उनके नेतृत्व में अफगानिस्तान ने 2023 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था। यह फैसला नए मुख्य कोच रिचर्ड पाइबस के कार्यभार संभालने के कुछ महीनों बाद आया। इससे पहले जोनाथन ट्रॉट ने कोच पद छोड़ा था। शाहिदी और ट्रॉट की जोड़ी ने टीम को कई शानदार जीत दिलाई।
बयान
शाहिदी ने क्या कहा?
31 साल के शाहिदी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कप्तानी छोड़ी। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी फैसला है।
शाहिदी ने लिखा, "मैं पूरे सम्मान के साथ घोषणा करता हूं कि मैंने अपनी इच्छा से टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। कप्तान के रूप में इस जिम्मेदारी को निभाना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात रही। मुझे गर्व है कि मैंने ईमानदारी, एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी टीम के साथ काम किया।"
खिलाड़ी
शाहिदी ने इन्हें दिया धन्यवाद
शाहिदी ने आगे कहा, "अल्लाह की कृपा से अधिकारियों, कोच और खिलाड़ियों के प्रयासों से हमने कई जीत हासिल कीं। महत्वपूर्ण मुकाबले जीते, बड़ी टीमों को हराया और अपनी टीम का नाम ऊंचा किया। ये सभी उपलब्धियां सिर्फ मेरी नहीं बल्कि पूरी टीम की मेहनत, त्याग और आपसी तालमेल का नतीजा हैं। मैं अपनी टीम के खिलाड़ियों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और हर जीत और चुनौती में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।"
प्रदर्शन
कप्तान के तौर पर शाहिदी के आंकड़े
कप्तान बनने के बाद शाहिदी के बल्लेबाजी आंकड़े कप्तानी से पहले के प्रदर्शन के करीब ही रहे।
कप्तानी नहीं करते समय उनकी बल्लेबाजी औसत 32.97 और स्ट्राइक रेट 64.39 की थी। वहीं, कप्तान बनने के बाद उनके प्रदर्शन में थोड़ा सुधार हुआ और उनकी औसत 33.79 जबकि स्ट्राइक रेट 70.77 की रही।
उन्होंने 96 वनडे मैचों में एकमात्र शतक भारत के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मुकाबले में लगाया था, जहां उन्होंने 131 गेंदों में शानदार 102 रन बनाए थे।
अगला
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में कौन होगा अफगानिस्तान का कप्तान?
अफगानिस्तान की टीम अब अगस्त में आयरलैंड दौरे पर नजर आएगी, जहां उसे 5 वनडे मैच खेलने हैं।
शाहिदी के कप्तानी छोड़ने के बाद इब्राहिम जादरान नए वनडे कप्तान बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।
जादरान इससे पहले 11 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में अफगान टीम की कप्तानी कर चुके हैं।
उनके अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज, अजमतुल्लाह उमरजई और टी-20 टीम के कप्तान राशिद खान भी इस पद के लिए प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
जानकारी
शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने जीते 27 मैच
शाहिदी ने 2022 से 2026 तक 55 मुकाबलों में कप्तानी की। इस दौरान उनकी टीम को 27 मैच में जीत मिली। वहीं, 25 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा। 3 मैच में नतीजा नहीं निकल पाया। शाहिदी का जीत प्रतिशत 49.09 का रहा।