यूट्यूब ने पेश किया गिफ्ट्स फीचर, क्रिएटर्स को होगी अतिरिक्त कमाई
यूट्यूब ने भारत में वर्टिकल लाइव स्ट्रीम्स के लिए एक नया 'गिफ्ट्स' फीचर शुरू किया है। इससे दर्शक अपने पसंदीदा क्रिएटर्स को वड़ा पाव और पानी पूरी जैसे मजेदार और एनिमेटेड वर्चुअल गिफ्ट्स भेज सकते हैं। ये गिफ्ट्स दर्शक 'ज्वेल्स' खरीदकर भेज सकते हैं।
जब कोई गिफ्ट भेजा जाता है तो वह स्ट्रीम के दौरान स्क्रीन पर सभी को दिखाई देता है। क्रिएटर्स को इन गिफ्ट्स से 'रूबीज' मिलते हैं, जो उनकी कमाई का एक नया जरिया बनता है। इससे क्रिएटर्स और उनके दर्शकों के बीच का कनेक्शन और भी गहरा हो जाता है।
वर्चुअल आइटम्स के जरिए कर सकते हैं इसको ऑन
क्रिएटर्स अपने यूट्यूब स्टूडियो में 'वर्चुअल आइटम्स मॉड्यूल' को स्वीकार करके इस गिफ्ट्स फीचर को ऑन कर सकते हैं। यह फीचर वर्टिकल स्ट्रीम्स के लिए 'सुपर स्टिकर्स' की जगह लेगा।
यूट्यूब ने बताया है कि जल्द ही त्योहारों और खास मौकों के हिसाब से 'सीजनल-थीम्ड गिफ्ट्स' भी आएंगे। पिछले एक साल में 20 फीसदी से ज्यादा भारतीय चैनल्स की कमाई 7 अंकों में पहुंच गई है।
दूसरी तरफ, 92 फीसदी क्रिएटर्स मानते हैं कि यूट्यूब उन्हें अपने दर्शकों के साथ जुड़ने में मदद करता है। इसलिए यह फीचर दर्शकों और क्रिएटर्स के बीच के जुड़ाव को और भी मजबूत बनाने पर जोर देता है।