xAI ने लॉन्च किया ग्रोक इमेजिन 1.5, अब फोटो से वीडियो बनाना हुआ आसान
एलन मस्क की कंपनी xAI ने ग्रोक इमेजिन वीडियो 1.5 नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल पेश किया है। यह तस्वीरों को वीडियो में बदलने का काम करता है।
कंपनी का दावा है कि इस नए वर्जन में वीडियो का मोशन (गति) पहले से ज्यादा स्मूथ दिखेगा, ऑडियो की गुणवत्ता बेहतर होगी और वीडियो बहुत तेजी से तैयार होंगे।
कंपनी का मकसद असली जैसे दिखने वाले वीडियो बनाने का काम आसान करना है। इसे OpenAI और गूगल जैसी बड़ी कंपनियों के टूल्स के मुकाबले में पेश किया गया है।
इस अपडेट के तहत मिलेंगी ये सुविधाएं
इस अपडेट की सबसे बड़ी खासियत है साउंड इफेक्ट्स और डायलॉग्स का वीडियो के दृश्यों के साथ पूरी तरह तालमेल बिठाना। इससे वीडियो अब ज्यादा स्वाभाविक लगेंगे।
फिजिक्स में हुए सुधारों के कारण वीडियो में अब कोई अजीबो-गरीब गड़बड़ियां नहीं दिखेंगी, जैसे चीजों का विकृत (टेढ़ा-मेढ़ा) दिखना या उनका रुका-रुका सा चलना। इसकी प्रोसेसिंग स्पीड में भी काफी बढ़ोतरी की गई है। अब आप सिर्फ 25 सेकेंड में 6 सेकेंड का हाई-डेफिनिशन (HD) वीडियो बना सकते हैं, जबकि पहले इसमें 40 सेकेंड से ज्यादा का समय लगता था।
इतना ही नहीं, पैरेलल प्रॉम्प्ट प्रोसेसिंग और सर्च करने योग्य लाइब्रेरी जैसे नए फीचर्स की वजह से क्रिएटर्स अब और तेजी से काम कर पाएंगे और अपने प्रोजेक्ट्स को बेहतर तरीके से व्यवस्थित रख सकेंगे। यह सभी नई सुविधाएं अब xAI के API और मोबाइल ऐप्स के जरिए उपलब्ध हैं।