NEET परीक्षा से पहले लगे प्रतिबंध के खिलाफ टेलीग्राम पहुंची दिल्ली हाई कोर्ट
क्या है खबर?
टेलीग्राम ने भारत सरकार द्वारा लगाए गए अस्थायी प्रतिबंध के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। केंद्र ने NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले 22 जून तक देश में टेलीग्राम की सेवाओं पर रोक लगाने का फैसला किया था। इस मामले की सुनवाई जस्टिस तेजस करिया की अवकाशकालीन पीठ के सामने रखी गई, जिसने इसे तुरंत सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया है। बता दें, NEET की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जानी है।
वजह
परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी रोकने के लिए उठाया कदम
केंद्र सरकार ने यह फैसला राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और शिक्षा मंत्रालय की सिफारिश पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ समूह टेलीग्राम का इस्तेमाल करके छात्रों और अभिभावकों को कथित पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी भ्रामक जानकारी के जरिए गुमराह कर रहे थे। सरकार का मानना है कि परीक्षा के दौरान इस तरह की गतिविधियों को रोकना जरूरी है, ताकि उम्मीदवार बिना किसी भ्रम के निष्पक्ष माहौल में परीक्षा दे सकें।
रोक
मैसेज में बदलाव करने की सुविधा पर भी लगाई रोक
सरकार ने टेलीग्राम को भारतीय यूजर्स के लिए 30 जून तक पुराने मैसेज में बदलाव करने की सुविधा बंद करने का निर्देश भी दिया है। एजेंसी के मुताबिक, कुछ लोग पहले सामान्य मैसेज पोस्ट करते थे और बाद में उनमें बदलाव करके प्रश्नपत्र या अन्य सामग्री जोड़ देते थे। इसके बाद पुराने समय के स्क्रीनशॉट दिखाकर पेपर लीक होने का दावा किया जाता था। इस तरह की भ्रामक गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
दावे
कई चैनलों पर पैसे लेकर पेपर देने के दावे
अधिकारियों के अनुसार, टेलीग्राम पर कई ऐसे चैनल सक्रिय थे जो कथित तौर पर परीक्षा के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा कर रहे थे। इन चैनलों पर छात्रों और उनके परिवारों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक मांगे जा रहे थे। NTA का कहना है कि अलग-अलग चैनलों पर कार्रवाई करने के बावजूद समस्या पूरी तरह नहीं रुकी। इसलिए परीक्षा अवधि के दौरान सीमित समय के लिए प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया।