व्हाट्सऐप पर करना होगा आइडेंटिटी वेरिफिकेशन, तभी मिलेगा पेमेंट्स का विकल्प

मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप जल्द यूजर्स से उनकी आइडेंटिटी वेरिफाइ करने के लिए कह सकता है। संकेत मिले हैं कि ऐप का पेमेंट्स फीचर इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को ऐसा करना पड़ सकता है। व्हाट्सऐप यूजर्स को यूनीक पेमेंट इंटरफेस (UPI) की मदद से पैसों के लेनदेन का विकल्प पिछले साल से मिलना शुरू हुआ है। फिलहाल, यह फीचर इस्तेमाल करने के लिए अलग से किसी वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं पड़ती।
XDA डिवेलपर्स की ओर से किए गए APK टियरडाउन में संकेत मिले हैं कि व्हाट्सऐप जल्द नया वेरिफिकेशन सिस्टम लाने वाला है। व्हाट्सऐप v2.21.22.6 बीटा वर्जन में नए स्ट्रिंग्स मिले हैं, इनमें 'योर आइडेंटिटी कुड नॉट बी वेरिफाइड, ट्राई अपलोडिंग द डॉक्यूमेंट्स अगेन' और 'वेरिफाइ योर आइडेंटिटी टू कॉन्टिन्यू यूजिंग पेमेंट्स ऑन व्हाट्सऐप' जैसे मेसेज दिखे हैं। हालांकि, व्हाट्सऐप ने आधिकारिक रूप से किसी बदलाव की बात नहीं कही है।
व्हाट्सऐप की पेमेंट सेवा को भारत में पिछले साल नवंबर में लॉन्च किया गया था और कंपनी यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) की मदद से भुगतान का विकल्प देती है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की ओर से इस फीचर को मंजूरी मिलने के बाद इसका वाइड रोलआउट किया गया है। लॉन्च के बाद से ही यूजर्स के लिए पेमेंट आसान बनाने की कोशिश कर रही कंपनी कई बदलाव कर चुकी है और पेमेंट्स शॉर्टकट भी लेकर आई है।
UPI आधारित फोनपे और गूगल पे जैसी लोकप्रिय ऐप्स में किसी ID वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होती। वहीं, पेटीएम और मोबीक्विक जैसी ऐप्स इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स से नो योर कस्टमर (KYC) वेरिफिकेशन पूरा करने को कहा जाता है। ब्राजील में व्हाट्सऐप पे की ओर से किए जाने वाले पेमेंट्स फेसबुक पे की मदद से ऑथेटिकेट किए जाते हैं। इसी तरह भारत में व्हाट्सऐप पेमेंट फीचर से होने वाले भुगतान NPCI अप्रूव करती है।
व्हाट्सऐप की कोशिश पेमेंट्स फीचर को बढ़ावा देने और ज्यादा से ज्यादा यूजर्स को इसे इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने की है। हाल ही में ऐप में पेमेंट्स से जुड़े कुछ बदलाव इंटरफेस के स्तर पर किए गए हैं। भारतीय व्हाट्सऐप यूजर्स को चैट कंपोजर में अब रुपये का आइकन दिखना शुरू हुआ है, जिसपर टैप कर वे पेमेंट कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप पेमेंट्स से जुड़े स्टिकर पैक्स भी लेकर आई है।
व्हाट्सऐप में मिलने वाला UPI आधारित पेमेंट सिस्टम 160 से ज्यादा भारतीय बैंक्स को सपोर्ट करता है और इसे सेटअप करने के लिए ऐप को लेटस्ट वर्जन पर अपडेट करने के बाद सेटिंग्स में जाना होगा। यहां आपको नया 'पेमेंट' विकल्प स्क्रीन पर सबसे नीचे दिखेगा। अगले पेज पर बैंक्स की लिस्ट दिखेगी, जिनमें से अपना बैंक चुनना होगा। यहां से आप बैंक अकाउंट सेटअप कर सकेंगे और व्हाट्सऐप पर चैटिंग के साथ-साथ पेमेंट्स भी कर पाएंगे।