व्हाट्सऐप ला रहा स्कैम अलर्ट, चैट में ही पकड़ा जाएगा धोखेबाज
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप एक नए 'स्कैम अलर्ट' फीचर पर काम कर रहा है। यह सुविधा आपके चैट्स में ही अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेजों को पहचान कर उन पर फ्लैग करेगा।
अगर, कोई संदेश आपको गड़बड़ या संदिग्ध लगता है तो यह फीचर आपको पहले ही चेतावनी दे देगा। इसके बाद आप उस कॉन्टैक्ट को ब्लॉक करने, रिपोर्ट करने या सिर्फ अतिरिक्त सावधानी बरतने का फैसला ले पाएंगे। इससे आप किसी भी स्कैम से पहले ही बच जाएंगे और बेवजह की परेशानी से भी दूर रहेंगे।
यूजर्स का डाटा रहेगा सुरक्षित
इस फीचर की खासियत है कि यह केवल आपके डिवाइस पर ही काम करेगा। इस वजह से आपकी चैट्स प्राइवेट रहेंगी और एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन भी कायम रहेगा।
यह एक वैकल्पिक फीचर है, यानि यह डिफॉल्ट रूप से बंद मिलेगा। आप चाहें तो सेटिंग्स में जाकर इसे चालू कर सकते हैं।
व्हाट्सऐप एक ट्रांसपेरेंसी टूल भी बना रहा है। इसकी मदद से आप अपने फोन में फ्लैग किए गए मैसेज का लॉग देख पाएंगे। सबसे अहम बात यह है कि कोई भी डाटा व्हाट्सऐप या मेटा को नहीं भेजा जाएगा। यह सारी जानकारी आपके डिवाइस पर ही रहेगी। यह फीचर अभी विकास के चरण में है और उम्मीद है कि आने वाले अपडेट में सबसे पहले बीटा टेस्टर्स के लिए पेश किया जाएगा।