रवीना टंडन की मां के 25 लाख रुपये के गहने चोरी, एक महिला गिरफ्तार
क्या है खबर?
अभिनेत्री रवीना टंडन के घर पर चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मुंबई की जुहू पुलिस ने 47 साल की राशि छाबड़िया को गिरफ्तार किया है, जिसने कथित तौर पर चोरी की घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि महिला ने टंडन परिवार का विश्वास जीतकर करीब 25 लाख रुपये के गहने और महंगी घड़ियां चुराई थीं। महिला को अभिनेत्री की मां वीना टंडन की देखभाल करने के लिए रखा गया था।
जांच
महिला ने टंडन परिवार का भरोसा तोड़ा, चुरा लिए 25 लाख रुपये के गहने
मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपी 2020 से टंडन परिवार से जुड़ी थी। वह रवीना की 86 वर्षीय मां वीना की देखभाल के लिए नियमित रूप से उनके घर पर आती-जाती रहती थी। जांचकर्ताओं ने बताया कि राशि, टंडन परिवार की करीबी थी। उसकी पहुंच घर के उन हिस्सों में भी थी, जहां सिर्फ परिवार के लोग ही आते-जाते थे। आरोप है कि महिला ने लॉकर तोड़कर वीना के महंगे गहने और रवीना के भाई की 2 महंगी घड़ियां चुरा लीं।
शिकायत
दशहरा त्योहार से पहले चोरी का पता चला
रवीना के भाई राजीव टंडन द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, कथित चोरी का पता 2 अक्टूबर, 2025 को उस वक्त चला, जब परिवार ने दशहरा त्योहार से पहले गहनों की जांच की। लापता कीमती सामानों में सोने की चूड़ियां, हार, अंगूठियां, झुमके, हीरे जड़ा मंगलसूत्र और अन्य हीरे के आभूषण शामिल थे, जिनकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करके कुछ महंगे गहने बरामद कर लिए गए हैं, जबकि अन्य आभूषणों की जांच जारी है।