दुनियाभर में डाउन हुए व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम, परेशान हुए यूजर्स
क्या है खबर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम सोमवार को दुनिया के विभिन्न हिस्सोंं में अचानक ठप पड़ गए।
इसके कारण यूजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोमवार शाम को विभिन्न रिपोर्ट्स में इसकी जानकारी सामने आई है।
फेसबुक वेबसाइट के मैसेज में लिखा गया था, 'माफ कीजिए, कुछ गलत हो गया है। हम इस पर काम कर रहे है और जितनी जल्द संभव हो सकेगा, इसे ठीक कर दिया जाएगा।'
परेशानी
यूजर्स को इन परेशानियों का करना पड़ा सामना
सोमवार रात करीब 09:15 बजे अचानक से व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम ने काम करना बंद दिया।
इस दौरान जहां इंस्टाग्राम और फेसबुक यूजर्स अपने न्यूज फीड को अपडेट नहीं कर पा रहे थे, वहीं व्हाट्सऐप यूजर्स किसी को न तो कोई मैसेज भेज पा रहे थे और न ही प्राप्त कर पा रहे थे।
इसके बाद यूजर्स ने ट्वीटर के जरिए इस परेशानी को शेयर करना शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों को इसका पता चला।
मैसेज
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई दे रहे हैं ये मैसेज
यूजर्स के अनुसार, इंस्टाग्राम पर रीफ्रेश करने पर 'कुड नॉट रीफ्रेश फीड' का मेसेज आ रहा था। कई जगहों पर इंस्टाग्राम खोलने पर 5xx Server Error शो कर रहा है।
वहीं, फेसबुक वेबसाइट पर एक मैसेज में लिखा आ रहा है, 'माफ कीजिए, कुछ गलत हो गया है। हम इस पर काम कर रहे है और जितनी जल्द संभव हो सकेगा, इसे ठीक कर दिया जाएगा।'
व्हाट्सऐप पर भी कोई मैसेज ना भेज पा रहा है, और ना ही रिसीव।
ट्वीट
समस्या के समाधान के लिए कर रहे हैं काम- व्हाट्सऐप
व्हाट्सऐप ने ट्वीट कर समस्या समाधान की बात कही है। व्हाट्एसेप ने लिखा, 'हमें पता है इस समय कुछ लोगों को व्हाट्एसेप में समस्या आ रही है। हम चीजों को सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं और जल्द ही एक अपडेट भेजेंगे।आपके धैर्य के लिए धन्यवाद!'
इसी तरह इंस्टाग्राम ने लिखा, 'अभी थोड़ा कठिन समय है और आपको सेवा का उपयोग करने में समस्या हो सकती है। हमारे साथ बने रहे, हम इस पर काम कर रहे हैं!'
जानकारी
थोड़ी देर में सामान्य हो जाएंगी सेवाएं
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किसी तकनीकी खामी के चलते आ रहीं दिक्कतें जल्द दूर हो जाएंगी। यूजर्स को इंतजार करना होगा या फिर दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। कंपनी ऐसी दिक्कतों को जल्द से जल्द फिक्स करने की कोशिश करती है।
परेशानी
पहले भी सामने आते रहे हैं मामले
फेसबुक, इंस्टाग्राम की सेवाएं डाउन होने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने भी कुछ वक्त के लिए इंस्टाग्राम की सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
इससे पहले जुलाई और अप्रैल महीने में फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स तकनीकी दिक्कतों के चलते मेसेज सेंड और रिसीव नहीं कर पा रहे थे।
इसी तरह मार्च 2021 में भी फेसबुक और इंस्टाग्राम यूजर्स ऐसी ही परेशानी के चलते कई घंटे तक ऐप्स और सेवाएं इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे।
चुनौती
इसलिए डाउन हो जाती हैं बड़ी वेबसाइट्स
फेसबुक और गूगल जैसी बड़ी कंपनियों को अपने करोड़ों यूजर्स का डाटा बड़े सर्वर्स पर स्टोर करना पड़ता है।
एक सर्वर में कोई सुधार या बदलाव करने की स्थिति में कंपनियां दूसरे वैकल्पिक सर्वर का इस्तेमाल करती हैं। यूजर्स डाटा एक से दूसरे सर्वर में कॉपी करते या भेजते वक्त ऐसी तकनीकी खामियां सामने आ सकती हैं।
पिछले साल दिसंबर में भी कुछ घंटे के लिए फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम तीनों डाउन हो गए थे।
जानकारी
भारत में व्हाट्सऐप के हैं 53 करोड़ यूजर्स
बता दें कि भारत में व्हाट्सऐप के सबसे अधिक 53 करोड़ यूजर्स हैं। इसी तरह फेसबुक के 41 करोड़ यूजर्स हैं। ऐसे में फेसबुक भारत को अपना सबसे बड़ा बाजार मानता है। इसी तरह भारत में इंस्टाग्राम के 21 करोड़ से भी ज्यादा यूजर्स हैं।