यूनाइटेड एयरलाइंस में अब AI बताएगा उड़ान में देरी की वजह
यूनाइटेड एयरलाइंस ने ऐलान किया है कि अब वह उड़ान में देरी की जानकारी देने के लिए पूरी तरह से जेनेरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करेगा। इस काम के लिए किसी इंसान की जरूरत नहीं होगी।
'हर उड़ान की एक कहानी' नाम का यह प्रोग्राम 2018 में शुरू हुआ था। इसमें 2024 से कुछ AI तकनीक का इस्तेमाल हो रहा था, लेकिन अब यह पूरी तरह से इसी पर ही निर्भर करेगा। यह AI यात्रियों को मैसेज या वीडियो के जरिए उड़ान में देरी की वजह समझाएगा।
एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्कॉट किर्बी ने बताया कि इसका मकसद यात्रियों को हमेशा सही जानकारी से अपडेट रखना और उनके सफर को और भी आसान बनाना है।
कनेक्शनसेवर टूल का भी किया जा रहा इस्तेमाल
किर्बी का कहना है कि इस नई व्यवस्था से यूनाइटेड एयरलाइंस दूसरी कंपनियों से अलग दिखेगी। यह यात्रियों के लिए यात्रा को कम तनावपूर्ण और ज्यादा पारदर्शी बनाएगी।
उन्हें उम्मीद है कि बेहतर तकनीक से ग्राहकों को खुशी मिलेगी और एयरलाइन का संचालन भी और सुचारू होगा।
यूनाइटेड एयरलाइंस AI से चलने वाले अपने कनेक्शनसेवर टूल का भी इस्तेमाल करता रहा है। पिछले महीने तक इस टूल ने अकेले डेनवर में ही करीब 54,000 यात्रियों के कनेक्शन बचाए हैं।