स्पेस-X ने करीब 5,700 अरब रुपये में खरीदी कर्सर
एलन मस्क की स्पेस-X ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक अहम कदम उठाया है। कंपनी ने कर्सर को खरीदा है, जो अपने स्मार्ट कोडिंग टूल्स के लिए जानी जाती है।
यह डील 60 अरब डॉलर (करीब 5,700 अरब रुपये) के शेयरों के बदले की गई है। यह अधिग्रहण OpenAI और एंथ्रोपिक जैसी AI दिग्गज कंपनियों को चुनौती देने के बड़े प्रयास का हिस्सा है।
दरअसल, कंपनी अपने AI से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने के लिए 86 अरब डॉलर (करीब 8,100 अरब रुपये) का बड़ा फंड तैयार कर रही है।
दिग्गज कंपनियां करती हैं कर्सर के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल
एनवीडिया और डेलॉइट जैसी बड़ी कंपनियां कर्सर के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल पहले से ही कर रही हैं। यह प्लेटफॉर्म डेवलपर्स को अलग-अलग AI मॉडल्स के बीच आसानी से स्विच करने और कोड लिखने की सुविधा देता है। पिछले साल कर्सर की बिक्री एक अरब डॉलर (करीब 95 अरब रुपये) थी, जो इस साल बढ़कर 4 अरब डॉलर (करीब 350 अरब रुपये) पर पहुंच गई है।
हालांकि, स्पेस-X को कुछ आर्थिक उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें पिछले AI प्रोजेक्ट्स से हुए नुकसान भी शामिल हैं। फिर भी, विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे बड़े दांव से कंपनी 2028 तक 160 अरब डॉलर (करीब 15,000 अरब रुपये) का राजस्व हासिल कर सकती है।