अमेरिकी नौसेना ने खरीदा पानी के भीतर चलने वाला रोबोट, खतरनाक कामों को देगा अंजाम
अमेरिकी नौसेना ने हाल ही में 1.8 करोड़ डॉलर (करीब 160 करोड़ रुपये) में बेयोनेट 250 नाम का एक मजबूत पानी के भीतर चलने वाला रोबोट खरीदा है।
इसे सैन डिएगो स्थित ग्रीनसी IQ कंपनी ने तैयार किया है। यह खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे खतरनाक इलाकों में समुद्री सुरंगों को साफ करने के लिए बनाया गया है।
यह रोबोट रेतीले किनारों से लेकर 100-मीटर तक गहरे पानी में जा सकता है और उन खतरनाक कामों को अंजाम देता है, जिनमें आमतौर पर इंसानी जान को खतरा होता है।
खराब मौसम में भी बेहतर काम करता है रोबोट
450 पाउंड (लगभग 204 किलोग्राम) का यह रोबोट बेहद मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने के लिए बना है। इसे बिना किसी खास औजार के सिर्फ 2 लोग ही तैनात कर सकते हैं।
यह रोबोट अपने साथ 91 किलोग्राम तक माइन-डिटेक्शन उपकरण और सेंसर ले जाने की क्षमता रखता है। साथ ही, खराब मौसम और ऊंची लहरों के बावजूद अपना काम बखूबी करता है।
ग्रीनसी IQ के डेनिस डोन का कहना है कि इन अभियानों को रोबोट की मदद से ऑटोमैटिक करने से कई जानें बच रही हैं और इससे इसमें शामिल हर व्यक्ति के लिए काम काफी सुरक्षित हो जाता है।