एलन मस्क की xAI और SpaceX के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है मामला
अमेरिकी राज्य मिसिसिपी के लोगों ने एलन मस्क की xAI और स्पेस-X के खिलाफ सामूहिक मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि xAI के डाटा सेंटर्स के लिए बनाए गए एक गैस पावर प्लांट से इतना अधिक शोर होता है कि उससे लोगों की मानसिक शांति भंग हो रही है।
साथ ही, इससे 10,000 से ज्यादा स्थानीय लोगों की संपत्तियों की कीमतें भी गिर रही हैं। शिकायत में इस शोर को हर जगह मौजूद और जिससे बच पाना नामुमकिन बताया गया है। निवासियों का तर्क है कि इस शोर ने उनके घरों में रहना तनावपूर्ण बना दिया है।
मुकदमे में MZX टेक का नाम भी शामिल
इस मुकदमे में MZX टेक का नाम भी शामिल किया गया है, जो xAI की एक सहायक कंपनी है। यह नया मामला NAACP द्वारा पहले दायर किए गए एक मुकदमे के बाद आया है, जिसमें इसी प्लांट में पर्यावरण नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था। संभावना है कि इस मामले पर जल्द ही संघीय सरकार का ध्यान भी जाएगा।
लोगों की परेशानी को समझाते हुए वकील रॉबर्ट विगुल ने कहा, "हमारे घर दुनिया की परेशानियों से बचने के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह होने चाहिए, लेकिन जब उनमें 24 घंटे शोर होता है तो यह एक अच्छे और सभ्य जीवन की बुनियादी शांति हमसे छीन लेता है।"
गौरतलब है कि मस्क को इन दोनों ही मुकदमों में आरोपी के तौर पर नामित नहीं किया गया है।