दूरसंचार विभाग ने सीमित कर दी सिम कार्ड की संख्या
दूरसंचार विभाग (DoT) 24 अगस्त से सिम कार्ड रखने की मौजूदा सीमा को सख्ती से लागू करेगा। अब ज्यादातर भारत में एक व्यक्ति 9 सिम कार्ड ही रख पाएगा, जबकि जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर के राज्यों में यह सीमा सिर्फ 6 सिम की होगी।
अगर, कोई अपनी तय सीमा से ज्यादा सिम लेने की कोशिश करेगा तो टेलीकॉम कंपनियां उन अतिरिक्त कनेक्शनों की पहचान कर लेंगी और उन्हें नया सिम देने से इनकार कर देंगी।
ऑपरेटर ऐसे करेंगे सिम की जांच
23 अगस्त से टेलीकॉम ऑपरेटर DoT द्वारा उपलब्ध कराई गई फोटो का इस्तेमाल करके हर दिन यह जांचेंगे कि कहीं कोई व्यक्ति अपनी तय सिम सीमा से ज्यादा कनेक्शन तो नहीं ले रहा है।
शुरुआत में जो अतिरिक्त सिम एक्टिवेट हो भी जाएंगे, उन्हें बाद में बंद कर दिया जाएगा, लेकिन 30 नवंबर तक ये जांचें रीयल-टाइम में की जाएंगी, ताकि कोई भी अतिरिक्त सिम एक्टिवेट होने से पहले ही रुक जाए।
नया कनेक्शन लेते समय आपको अपने पास मौजूद सभी नंबर्स की जानकारी देनी होगी, ताकि कोई भी अतिरिक्त सिम छिपकर न रखा जा सके।