TCS बनाएगी एलोपैक का कामकाज स्मार्ट, दोनों के बीच हुई साझेदारी
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने नॉर्वे की कंपनी एलोपैक के साथ IT सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए कई साल की साझेदारी की घोषणा की है।
इसका मुख्य लक्ष्य एलोपैक के कामकाज को तेज, ज्यादा स्मार्ट और ग्राहकों के लिए इस्तेमाल में आसान बनाना है। यह दुनिया के 40 से ज्यादा देशों में अपना कारोबार करती है और 70 से ज्यादा बाजारों में अपनी सेवाएं देती है।
कॉग्निक्स AI टूल्स का करेगी इस्तेमाल
TCS, एलोपैक के तकनीकी परिचालन को बेहतर और सुव्यवस्थित करने के लिए अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कॉग्निक्स टूल्स का इस्तेमाल करेगी।
इसके साथ ही, कंपनी ऑटोमेशन को भी बढ़ावा देगी और एक नया सर्विस डेस्क भी तैयार करेगी। TCS के विनिर्माण अध्यक्ष अनुपम सिंघल ने बताया कि इस कदम से एलोपैक अपने बड़े लक्ष्यों को आसानी से हासिल कर पाएगा। इस घोषणा का निवेशकों ने भी स्वागत किया। खबर आने के बाद TCS के शेयर 0.8 फीसदी चढ़ गए, जो लगातार चौथे दिन की बढ़त रही।