PCOS से पीड़ित महिलाओं में दिल की बीमारी का 4 गुना खतरा, शोध ने बढ़ाई चिंता
हाल ही में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि जिन महिलाओं को पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम (PCOS) है, उनमें दिल की बीमारी का खतरा उन महिलाओं के मुकाबले लगभग 4 गुना ज्यादा होता है, जिन्हें यह समस्या नहीं है।
शोधकर्ताओं ने 18 से 50 साल की उम्र की 4.13 लाख से ज्यादा PCOS पीड़ित महिलाओं के स्वास्थ्य आंकड़ों की जांच की और इसकी तुलना उन लाखों महिलाओं के डाटा से की, जिन्हें PCOS नहीं था। इस जांच में यह फर्क साफ तौर पर सामने आया।
8 में से एक महिला PCOS से प्रभावित
अध्ययन में यह भी सामने आया कि दिल की बीमारी का ज्यादा जोखिम तब भी बरकरार रहा, जब डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को भी ध्यान में रखा गया।
इससे साफ होता है कि PCOS अपने आप में एक बड़ा जोखिम कारक है। प्रजनन आयु की लगभग 8 में से एक महिला PCOS से प्रभावित होती है।
यह समस्या इंसुलिन रेजिस्टेंस और हाई ब्लड शुगर जैसी दिक्कतें पैदा करती है। इसलिए, विशेषज्ञ कहते हैं कि PCOS की समय पर पहचान और नियमित चेकअप बहुत जरूरी हैं।
उनका यह भी सुझाव है कि दिल को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के लिए सक्रिय रहना और वजन को नियंत्रित रखना जैसी स्वस्थ आदतों पर ध्यान देना चाहिए।