अंतरिक्ष में बनेगा AI डाटा सेंटर, स्पेस-X को 10 लाख सैटेलाइट भेजने की मिली अनुमति
क्या है खबर?
अमेरिका के फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने स्पेस-X को अंतरिक्ष में 10 लाख सैटेलाइट भेजने की मंजूरी दे दी है। कंपनी इन सैटेलाइट की मदद से अंतरिक्ष में AI डाटा सेंटर बनाना चाहती है। इस योजना का नाम स्टारमाइंड रखा गया है। स्पेस-X ने इसके लिए साल की शुरुआत में आवेदन दिया था। कंपनी का कहना है कि अंतरिक्ष में डाटा सेंटर बनाने से AI के लिए बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करना आसान हो सकता है।
ऊर्जा
सोलर ऊर्जा से चलेंगे अंतरिक्ष में डाटा सेंटर
स्पेस-X का दावा है कि अंतरिक्ष में मौजूद डाटा सेंटर सौर ऊर्जा से चल सकेंगे।
इससे जमीन पर बने डाटा सेंटर की तुलना में बिजली और रखरखाव का खर्च कम हो सकता है। हालांकि, इस योजना को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि अंतरिक्ष में मशीनों को ठंडा रखना आसान नहीं होगा।
वहां हवा और पानी नहीं होने के कारण उपकरणों की गर्मी बाहर निकालने में बड़ी तकनीकी परेशानी आ सकती है।
चिंता
गर्मी और अंतरिक्ष में कचरे को लेकर चिंता
इस योजना के आलोचकों के मुताबिक, अंतरिक्ष में गर्मी को बाहर निकालने के लिए विकिरण का सहारा लेना पड़ता है। इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट को ठंडा रखना आसान नहीं होगा।
इसके अलावा, लाखों सैटेलाइट एक-दूसरे से टकरा सकते हैं और अंतरिक्ष में कचरा बढ़ा सकते हैं। इससे दूसरे अंतरिक्ष अभियानों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।
ऐसे में इस योजना को लेकर तकनीकी और सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।
सैटेलाइट
2040 तक तैनात करने होंगे सभी सैटेलाइट
मंजूरी के तहत स्पेसएक्स को 25 नवंबर, 2033 तक कम से कम एक सैटेलाइट तय कक्षा में भेजना होगा।
25 नवंबर, 2035 तक 1 लाख और 25 नवंबर, 2038 तक 5 लाख सैटेलाइट तैनात करने होंगे। बाकी सैटेलाइट भेजने की अंतिम समयसीमा 25 नवंबर, 2040 तय की गई है।
कंपनी पहले 2027 से इन सैटेलाइट को लॉन्च करने की योजना बता चुकी है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में सैटेलाइट भेजना एक बड़ी चुनौती होगी।