स्पेस-X ड्रैगन कार्गो कैप्सूल धरती पर वापसी के लिए आज ISS से होगा अलग
स्पेस-X का ड्रैगन कार्गो कैप्सूल मंगलवार (16 जून) को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से धरती पर लौट रहा है। यह भारतीय समयानुसार रात 9:35 बजे पर स्टेशन से अलग होगा।
इसे नासा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइवस्ट्रीम के जरिए देख सकते हैं। उम्मीद है कि यह कैप्सूल बुधवार सुबह कैलिफोर्निया के पास प्रशांत महासागर में लैंड करेगा।
वैज्ञानिक नमूने और हार्डवेयर ला रहा वापस
मई में ड्रैगन ने उड़ान भरी थी, तब यह अंतरिक्ष यात्रियों के लिए खाना और वैज्ञानिक उपकरण लेकर गया था। अब यह अपने साथ कई खास चीजें वापस ला रहा है, जिनमें बायोप्रिंटेड अंग ऊतक, अंतरिक्ष में क्रायोजेनिक ईंधन को स्टोर करने से जुड़ा डाटा और वेस्ट एंड हाइजीन कंपार्टमेंट से एक सेपरेटर पंप भी शामिल है।
एक दिलचस्प बात यह है कि ड्रैगन ISS का इकलौता कार्गो शिप है, जो धरती पर वापसी के दौरान जलने से बच जाता है और बाकी सभी कैप्सूल वायुमंडल में प्रवेश करते ही जलकर राख हो जाते हैं।