NEET परीक्षा से 6 दिन पहले राजस्थान के सीकर में 22 वर्षीय अभ्यर्थी ने जान दी
क्या है खबर?
राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा से पहले राजस्थान के सीकर में एक 22 वर्षीय अभ्यर्थी ने अपनी जान दे दी। छात्र की पहचान झुंझुनू के नवलगढ़ निवासी उमेश माली के रूप में हुई है। वह उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन, छोटे भाई और मां के साथ फ्लैट में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। उसका शव कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से लटका पाया गया।
आत्महत्या
तीसरी बार देनी थी परीक्षा
सोमवार को उमेश अपनी मां को गांव छोड़कर आया था। दोपहर को उसके बहन-भाई फ्लैट में नहीं थे, तभी उसने यह कदम उठाया। जब भाई-बहन घर पहुंचे तो उन्होंने उमेश को फंदे से लटका पाया। छात्र के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा है, "सॉरी! बहुत दूर जा रहा हूं, पता नहीं कहां जा रहा हूं।" आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। उमेश को 21 जून को तीसरी बार NEET परीक्षा देनी थी।
जांच
सीकर में दूसरी आत्महत्या
यह सीकर में एक महीने के अंदर NEET की तैयारी कर रहे दूसरे अभ्यर्थी ने आत्महत्या की है। इससे पहले झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र निवासी प्रदीप माहिच ने फांसी लगाकर जान दी थी। प्रदीप भी सीकर में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था। वह NEET परीक्षा रद्द होने से काफी आहत था। प्रदीप का यह तीसरा प्रयास था। उसके परिवार से राहुल गांधी ने मुलाकात की थी। कांग्रेस ने परिजनों को 11 लाख रुपये का चेक सौंपा था।
जानकारी
आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।