स्पेस-X का अब 2027 तक अंतरिक्ष में AI डाटा सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य
स्पेस-X अंतरिक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंप्यूटर्स के परीक्षण की अपनी योजनाओं को तेज कर रही है। पहले 2028 तक का लक्ष्य था, लेकिन अब उसने इसे 2027 के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
इस पहल के पीछे कंपनी का मकसद स्टारलिंक तकनीक से चलने वाले डाटा सेंटर को अंतरिक्ष की कक्षा में स्थापित करना है। एलन मस्क की कंपनी ने इसके लिए नियामक संस्थाओं से 10 लाख सैटेलाइट्स भेजने की इजाजत भी मांगी है।
अगर, सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो इससे AI और इंटरनेट के इस्तेमाल के तरीके में बड़ा बदलाव आ सकता है और यह सब सीधे अंतरिक्ष से ही संचालित होगा।
शुक्रवार को पेश होगा IPO
स्पेस-X भी शुक्रवार को SPCX नाम के टिकर के साथ शेयर बाजार में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने जा रही है। कंपनी को उम्मीद है कि वह इस प्रक्रिया से 75 अरब डॉलर (करीब 7,100 अरब रुपये) जुटा पाएगी और उसका कुल मूल्यांकन 1,750 अरब डॉलर (करीब 1.6 लाख अरब रुपये) तक पहुंच जाएगा और शुरुआती शेयर की कीमत 135 डॉलर (करीब 13,000 रुपये) होगी। AI से जुड़ी ये महत्वाकांक्षी योजनाएं कंपनी के स्टारशिप रॉकेट पर बहुत हद तक निर्भर करती हैं। हालांकि, इस रॉकेट प्रोजेक्ट में अभी भी कुछ देरी चल रही है, लेकिन कंपनी के बड़े अधिकारियों का कहना है कि स्पेस-X के भविष्य के लिए अंतरिक्ष में AI कंप्यूटिंग बेहद जरूरी है। कंपनी की अध्यक्ष ग्विन शॉटवेल और मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) ब्रेट जॉनसन ने निवेशकों को बताया कि यह कदम स्पेस-X को अन्य कंपनियों से अलग साबित कर सकता है क्योंकि यह इकलौती कंपनी होगी, जो बड़े पैमाने पर अंतरिक्ष आधारित AI कंप्यूटिंग की सुविधा प्रदान कर सकेगी।