सत्य नडेला ने कहा- AI पर दोहरी बातें कर टेक कंपनियां तोड़ रहीं लोगों का भरोसा
माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सत्य नडेला ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में बताया कि आखिर क्यों लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर असहज महसूस कर रहे हैं।
उनका कहना है कि लोगों को लगातार ऐसे मैसेज मिल रहे हैं, जो एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। एक तरफ लोग ऐसी डरावनी चेतावनियां सुन रहे हैं कि ज्ञान-आधारित काम करने वालों के सभी आर्थिक अवसर खत्म हो जाएंगे तो दूसरी तरफ, दिग्गज टेक प्रमुख उन्हीं AI टूल्स को बनाने में बहुत उत्साहित दिख रहे हैं। ऐसे में लोगों का भरोसा घटना स्वाभाविक ही है।
नौकरियों पर असर को लेकर उठाए सवाल
नडेला ने तकनीकी उद्योग के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा, 'जब कंपनियां अपने काम को ऑटोमेट कर रही हैं और छंटनी कर रही हैं तो भला कोई क्यों चाहेगा कि आप सफल हों?
माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसी बड़ी टेक कंपनियां AI को ज्यादा से ज्यादा नौकरियों का हिस्सा बना रही हैं तो ऐसे में लोगों को अपनी नौकरी की सुरक्षा को लेकर चिंता होना बिल्कुल स्वाभाविक है।