सैमसंग 22 जुलाई को गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में लॉन्च कर सकती है कई उत्पाद
सैमसंग का अगला गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट बुधवार (22 जुलाई) को लंदन में होने वाला है। यह इवेंट भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा।
इसकी लाइव स्ट्रीमिंग सैमसंग की वेबसाइट, न्यूजरूम और यूट्यूब पर देखी जा सकेगी। इस इवेंट में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है, खासकर गैलेक्सी Z फोल्ड 8 और Z फ्लिप 8 जैसे नए फोन पेश किए जा सकते हैं।
फोल्डेबल फोन, घड़ियां और स्मार्ट ग्लास देंगे दस्तक
इस साल यह इवेंट मुख्य रूप से फोल्डेबल स्मार्टफोंस पर केंद्रित रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार, गैलेक्सी Z फोल्ड 8, फोल्ड 8 अल्ट्रा और फ्लिप 8 जैसे नए मॉडल इस इवेंट में लॉन्च किए जा सकते हैं।
जारी हुए टीजरों से पता चलता है कि इनमें बड़े डिजाइन और बड़ी स्क्रीन के लिए बेहतर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फीचर्स होंगे।
इसके साथ ही, गैलेक्सी वॉच 9 सीरीज और वॉच अल्ट्रा 2 भी पेश किए जा सकते हैं। इतना ही नहीं सैमसंग अपने पहले स्मार्ट ग्लास भी दिखा सकता है। ये स्मार्ट ग्लास फैशन ब्रांड्स के साथ मिलकर बनाए गए हैं और AI खूबियों से लैस होंगे।