अब कुछ मिनटों की कसरत भी बना देगी आपको स्वस्थ, शोध में खुलासा
अब एक नए शोध से पता चला है कि आपको जिम में घंटों पसीना बहाने की जरूरत नहीं है। केवल 3 मिनट का जोरदार व्यायाम आपके मेटाबोलिज्म को तेजी से बढ़ा सकता है।
रॉकफेलर यूनिवर्सिटी की एक अध्ययन में सामने आया है कि 6 छोटी और पूरी ताकत से लगाई गई स्प्रिंट्स (हर एक सिर्फ 30 सेकेंड की) ने खून के लगभग एक चौथाई प्रोटीन में बड़े बदलाव कर दिए।
दूसरी तरफ, 90 मिनट की लगातार साइकलिंग से इस पर लगभग कोई असर नहीं पड़ा। ये तेजी से होने वाले बदलाव न सिर्फ आपको पुरानी बीमारियों से बचाते हैं, बल्कि बुढ़ापे की प्रक्रिया को भी धीमा कर सकते हैं।
33 सुरक्षात्मक प्रोटीन को करता है सक्रिय
वैज्ञानिकों ने अपनी खोज में पाया कि जोरदार व्यायाम के ये छोटे अंतराल 200 से ज्यादा ऐसे प्रोटीन और मेटाबोलाइट्स को सक्रिय करते हैं, जो शरीर के टिश्यू की मरम्मत करते हैं, हार्मोन जारी करते हैं और खून के बहाव को बेहतर बनाते हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्हें 33 ऐसे सुरक्षात्मक प्रोटीन भी मिले, जो मधुमेह और दिल की बीमारी जैसी बीमारियों का खतरा कम करते हैं। इनमें से लगभग सभी प्रोटीन केवल इन्हीं जोरदार व्यायाम के छोटे अंतरालों से ही सक्रिय हुए थे।