मेटा के सहयोग से रिलायंस हर भारतीय बिजनेस को उपलब्ध कराएगी लामा मॉडल
रिलायंस इंडस्ट्रीज और मेटा ने भारत में एंटरप्राइज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समाधान लॉन्च करने के लिए हाथ मिलाया है। इसमें मेटा के लामा मॉडल्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस पहल का मकसद बिक्री, IT, ग्राहक सेवा और वित्त जैसे हर क्षेत्र के लिए आधुनिक और अपनी जरूरतों के हिसाब से तैयार किए जा सकने वाले AI टूल्स मुहैया कराना है। इस प्रोजेक्ट में रिलायंस की 70 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जबकि शेष 30 फीसदी हिस्सा फेसबुक की मूल कंपनी के पास रहेगा।
रिलायंस ने किया 855 करोड़ रुपये का निवेश
रिलायंस ने इस प्रोजेक्ट में शुरुआती 855 करोड़ रुपये (लगभग 10 करोड़ डॉलर) का निवेश किया है। कंपनी एक बड़ा डाटा सेंटर तैयार करेगी, जिसकी क्षमता को मेटा अपनी जरूरत के हिसाब से बढ़ा सकेगी। इसका उद्देश्य कंपनियों को ये AI टूल्स क्लाउड या उनके खुद के सिस्टम पर इस्तेमाल करने का विकल्प देना है, ताकि वे अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकें।
मुकेश अंबानी ने इस पहल को छोटे और मध्यम उद्योगों से लेकर बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों तक हर भारतीय संस्था के लिए व्यावसायिक स्तर के AI को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
दूसरी तरफ, मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग ने इस बात पर जोर दिया कि लामा मॉडल्स वास्तविक दुनिया की समस्याओं को सुलझाने में सक्षम हैं। यह सौदा इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है, बशर्ते इसके लिए सभी जरूरी मंजूरियां मिल जाएं।